ओडिशा के जाजपुर जिले में शनिवार रात एक भीषण अग्निकांड ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। घर में लगी आग की चपेट में आने से परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। वहीं, परिवार का एक 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए कटक भेजा गया है।
आग ने पूरे घर को चपेट में लिया
यह घटना बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र की नल्लीपुर पंचायत के शेख महल्ला गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे शेख निजामुद्दीन के घर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में मकान के चार कमरे भी बुरी तरह प्रभावित हुए।
परिवार के चार लोगों की हुई मौत
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय घर में एलपीजी गैस पर खाना बनाया जा रहा था। निजामुद्दीन की 40 साल की बहू तबस्सुम परवीन और 26 साल की बेटी गुल अफ्सा परवीन रसोई में थीं। इसी दौरान घर में मौजूद 11 वर्षीय रोशनी परवीन और महज आठ महीने का एक बच्चा भी आग की चपेट में आ गया। चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में झुलसे 22 वर्षीय युवक को तत्काल बड़चणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कटक रेफर कर दिया।
घटना की जांच में जुटी टीम
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, बालिचंद्रपुर पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि घर में आग किस वजह से लगी। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की असमय मौत से शेख महल्ला गांव में मातम पसरा हुआ है। खासकर दो मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
'एक जमाने में अयोध्या में जय श्री राम बोलने पर रोक थी, राम भक्तों पर बरसाई गई थीं गोलियां', बोले CM योगी
Latest India News