बाबा बागेश्वर की पदयात्रा का चौथा दिन आज, भक्तों में दिखा गजब का उत्साह
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा का आज चौथा दिन है। आज का दिन गुरु तेगबहादुर को समर्पित किया गया है। इस दौरान भक्तों में उत्साह देखने को मिला।
बाबा बागेश्वर के पंडित आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों दिल्ली से वृंदावन की पदयात्रा पर है। सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का आज चौथा दिन है। हरियाणा में पृथला के बाघोंला से पलवल के गवर्नमेंट हाई स्कूल तक आज की पदयात्रा जाएगी। आज की यह पदयात्रा गुरु तेग बहादुर को समर्पित की गई है। बाबा बागेश्वर की पदयात्रा में सिख श्रद्धालु भी जुड़े है। इस दौरान बाबा बागेश्वर ने जातिवाद छोड़कर एकजुट होने का आह्वान किया।
गुरु तेगबहादुर को समर्पित पदयात्रा का चौथा दिन
दरअसल, बाबा बागेश्वर की 'सनातन हिंदू एकता पदयात्रा' का आज चौथा दिन है। यात्रा आज पृथला के बाघोंला से पलवल के गवर्नमेंट हाई स्कूल तक जाएगी। आज की यात्रा साढ़े सात किलोमीटर की है। आज की यात्रा सिखों के 9वें गुरु, गुरु तेगबहादुर को समर्पित है। इस साल गुरु तेगबहादुर की शहादत को 350 साल हो रहे हैं। इस अवसर पर देश के अलग-अलग इलाकों में उनकी शहीदी यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में आज बाबा बागेश्वर की यात्रा भी गुरु तेगबहादुर को समर्पित है।
पदयात्रा में उमड़ रही भक्तों की भीड़
बाबा बागेश्वर की 'सनातन हिंदू एकता पदयात्रा' के दौरान भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है। हर यात्रा में बाबा श्रद्धालुओं के साथ उन सात संकल्पों को दोहराते हैं जिन्हें लेकर वो ये यात्रा निकाल रहे हैं। बाबा बागेश्वर के साथ यात्रा में जब कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पहुंचे तो धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र का संपल्प तो दोहराया ही, इसके अलावा उन्होंने लव जिहाद को धर्म के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। इसके अलावा तेलंगाना के चर्चित नेता टी राजा भी बाबा की पदयात्रा में शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान बाबा बागेश्वर के सात संकल्प-
- सामाजिक समरसता
- भारत हिंदू राष्ट्र
- स्वच्छ यमुना
- मांस-मदिरा मुक्त ब्रज क्षेत्र
- गाय को राष्ट्र माता का दर्जा
- वृंदावन के मंदिरों की रक्षा
- कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर
बाबा बागेश्वर की दूसरी पदयात्रा
ये बाबा बागेश्वर के वो संकल्प हैं, जिसने महज कुछ ही दिनों में हिंदुओं को एक कर दिया है। दिल्ली से लेकर हरियाणा और यूपी तक बाबा के भक्त बस एक ही बात कह रहे हैं कि जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई। जैसे-जैसे बागेश्वर सरकार की यात्रा आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे सड़कों पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। आज इस यात्रा के चौथे दिन भी बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और साधु-संतों का जमावड़ा लगा हुआ है। हालांकि बागेश्वर धाम सरकार की ये दूसरी पदयात्रा है। इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री मध्य प्रदेश में सनातन को जोड़ने के लिए यात्रा निकाल चुके हैं। इस बार भी बाबा को जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा है।
यह भी पढ़ें-
यूपी में एक बार फिर ठांय-ठांय, एनकाउंटर में मारा गया 50 हजार का इनामी बदमाश
