हापुड़: जिले के थाना कपूरपुर क्षेत्र में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश को मार गिराया है। पुलिस को इनामी बदमाश के बारे में सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध कार सवार और पुलिस के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस को देखते ही बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। कपूरपुर थाना प्रभारी विनोद पांडे बदमाश की गोली से बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को घेर लिया। इसी दौरान बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हिस्ट्रीशीटर अपराधी की मिली सूचना
शातिर बदमाश की पहचान हसीन पुत्र इकरार निवासी जनपद संभल के रूप में हुई है, जो एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। इसके साथ ही इस बदमाश पर दो दर्जन से ज्यादा हत्या के प्रयास, गोकशी सहित गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज थे। कपूरपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बदमाश प्रतिबंधित पशुओं को इकट्ठा करके, गोकशी के उद्देश्य से उन्हें दूसरे वाहन में परिवहन करने की फिराक में है।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
सूचना के बाद पुलिस द्वारा बदमाश की घेराबंदी करके उसे पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि कार सवार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश हसीन घायल हो गया। घायल अवस्था में बदमाश को पहले ढोलना सीएचसी भेजा गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाश के पास से पुलिस द्वारा एक पिस्टल, एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी और कारतूस आदि बरामद किए गए।
50 हजार रुपये का था इनाम
पुलिस ने बताया कि आरोपी गौवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। मृतक बदमाश के विरूद्ध जनपद हापुड़, मुजफ्फरनगर, सम्भल, अमरोहा व गौतमबुद्धनगर में गोकशी, हत्या का प्रयास व गैंगस्टर एक्ट आदि संगीन अपराधों के करीब 02 दर्जन से अधिक अधियोग अभियोग पंजीकृत थे। (इनपुट- निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें-
मुंबई से कोलकाता जा रही फ्लाइट के इंजन में आई खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग