1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. और भयावह हो सकता था गोवा में हुआ हादसा! सिक्योरिटी गार्ड ने बताया- 'भारी भीड़ होने वाली थी, पहले ही आग लग गई'

और भयावह हो सकता था गोवा में हुआ हादसा! सिक्योरिटी गार्ड ने बताया- 'भारी भीड़ होने वाली थी, पहले ही आग लग गई'

गार्ड ने बताया कि वहां डीजे और डांसर आने वाले थे। इसके बाद नाइट क्लब में भारी भीड़ होने वाली थी। हादसे के समय क्लब में लोगों की संख्या कम थी। इस वजह से 23 मृतकों में सिर्फ 3-4 टूरिस्ट ही हैं।

goa Night Club Fire- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गोवा के नाइट क्लब में आग

गोवा के उत्तरी इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में आग लग गई। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई है। जान गंवाने वालों में तीन-चार पर्यटक शामिल हैं। इसके अलावा होटल में काम करने वाले लोगों की मौत हुई है। यहां काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड की मानें तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। हालांकि, लोगों की भीड़ जुटने से पहले ही घटना हो गई। इस वजह से ज्यादा टूरिस्ट हादसे का शिकार नहीं हुए।

हादसा रात 11-12 बजे के बीच हुआ और इस समय क्लब में ज्यादा भीड़ नहीं थी। अगले 1-2 घंटे में भीड़ बढ़ने वाली थी। भीड़ होने पर हादसा और भयावह हो सकता था, ज्यादा टूरिस्ट हादसे का शिकार हो सकते थे।

स्थानीय लोगों ने क्या कहा? 

बिर्च के सिक्योरिटी गार्ड संजय कुमार गुप्ता ने कहा, "यह घटना रात 11 बजे से 12 बजे के बीच हुई। अचानक आग लग गई। मैं गेट पर था। यहां एक डीजे, डांसर आने वाले थे और बहुत भीड़ होने वाली थी।" जिस रेस्टोरेंट में आग लगी थी, उसके पास मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड ने कहा, "हमने एक जोरदार धमाका सुना। हमें बाद में पता चला कि आग सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी थी।" गोवा के स्थानीय निवासी ने बताया, "जब मैं घर जा रहा था, तो मैंने एक धमाका सुना। बाद में हमने देखा कि एम्बुलेंस मौके पर आ रही थीं। जब हम उस जगह पर पहुंचे, तो हमने देखा कि घटना पहले ही हो चुकी थी।"

पीएम ने मुआवजे का ऐलान किया

इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। इस हादसे को लेकर गोवा पुलिस ने बताया कि नॉर्थ गोवा के अरपोरा में रोमियो लेन के पास बर्च में भीषण आग लग गई, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 4 टूरिस्ट और 14 क्लब के स्टाफ मेंबर हैं। सात लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट जांच कर रहे हैं। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ज्यादातर मौतें धुएं की वजह से दम घुटने से हुई हैं।

यह भी पढ़ें-

गोवा: नाइट क्लब में सिलेंडर फटा, 25 लोगों की मौत, CM बोले- 'लापरवाह अधिकारियों ने क्लब चलाने की अनुमति दी, एक्शन लेंगे'

राज्य के सभी नाइट क्लबों का किया जाए सुरक्षा ऑडिट, BJP विधायक की मांग, कहा- पर्यटक मानते हैं गोवा को सबसे सुरक्षित ठिकाना

 

 

Latest India News