1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ग्रेटर नोएडा में 2 सीक्रेट ड्रग लैब के भंडाफोड़ को गृह मंत्री अमित शाह ने बताया बड़ी उपलब्धि, गिरफ्तार होने वालों में 1 विदेशी नागरिक भी शामिल

ग्रेटर नोएडा में 2 सीक्रेट ड्रग लैब के भंडाफोड़ को गृह मंत्री अमित शाह ने बताया बड़ी उपलब्धि, गिरफ्तार होने वालों में 1 विदेशी नागरिक भी शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ग्रेटर नोएडा में 2 सीक्रेट ड्रग लैब के पर्दाफाश होने को बड़ी उपलब्धि बताया है। इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें 1 विदेशी नागरिक भी शामिल है।

Greater Noida drug labs- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 2 सीक्रेट ड्रग लैब के भंडाफोड़ पर खुशी जताई है।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 2 गुप्त ड्रग लैब सीज की गई हैं। यहां से भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग्स और कच्चा माल बरामद किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दो गुप्त ड्रग लैब का भंडाफोड़ किए जाने को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग्स, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक पदार्थों और उपकरणों को जब्त किया गया है। मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है।

ड्रग कार्टेल को जड़ से खत्म करेगी सरकार

अमित शाह ने कहा कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई प्रभावी कार्रवाई का उल्लेखनीय उदाहरण है। उन्होंने दोहराया कि सरकार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल ड्रग कार्टेल को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिसंबर, 2029 है नशे का कारोबार खत्म करने की डेडलाइन

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प के तहत सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2029 से पहले ड्रग कार्टेल के नेटवर्क को ध्वस्त करना है। यह लक्ष्य नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के अनुरूप निर्धारित किया गया है, जिसे मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध उत्पादन पर लगाम लगाने के लिए अपनाया गया है।

नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन और तस्करी के खिलाफ अभियान तेज

इस कार्रवाई को देश में नशीले पदार्थों के अवैध उत्पादन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का जोर खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऐसे नेटवर्क की पहचान करने और उनके पूरे तंत्र को ध्वस्त करने पर है।

नशे के कारोबार के खिलाफ केंद्र और राज्य को मिलकर करना होगा काम

इससे पहले, बीते 23 सितंबर को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के प्रमुखों के तीसरी National Summit का उद्घाटन करने के बाद अमित शाह ने कहा था कि जब तक केंद्र और राज्य सरकारों के सभी डिपार्टमेंट 2029 तक नशा-मुक्त भारत के बड़े टारगेट को हासिल करने के लिए मिलकर काम नहीं करते, तब तक हम आगे नहीं बढ़ सकते हैं।

ये भी पढ़ें- ‘नशा मुक्त पंजाब का वादा करते हैं, हमने जो कहा वो करके दिखाएंगे’, जालंधर की रैली में बोले गृह मंत्री अमित शाह

Latest India News