1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कालाबन: गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी, 8 लोग सवार थे, सभी के मारे जाने की आशंका

कालाबन: गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी, 8 लोग सवार थे, सभी के मारे जाने की आशंका

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे का शिकार होने वाले पर्यटकों का रेस्क्यू करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पर्यटक बेंगलुरु के रहने वाले थे।

himachal Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गहरी खाई में गिरा वाहन

हिमाचल प्रदेश के चंबा में शनिवार के दिन दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों के मारे जाने की आशंका है। हादसे का शिकार हुए पर्यटक तीसा के सच्चे जोत क्षेत्र की ओर घूमने निकले थे। उनकी गाड़ी कालाबन के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 8 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार कुछ लोग सच्चे जोत और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर के लिए निकले थे।

कालाबन के करीब पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद काफी समय तक किसी को भी वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

देर रात हुई हादसे की पुष्टि

शाम के समय जब अन्य वाहन वापस लौट आए और उक्त गाड़ी पुलिस चौकी में निर्धारित एंट्री के लिए नहीं पहुंची, तो लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद वाहन की तलाश शुरू की गई। स्थानीय लोगों की मदद से देर रात वाहन का सुराग मिला, जिसके बाद हादसे की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। खाई अधिक गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

अधिकारियों के अनुसार शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन चालक हिमाचल प्रदेश के बनीखेत क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि वाहन में सवार पर्यटक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान अभी तक जारी नहीं की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

(चंबा से कपिल ठाकुर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

39 दिन में 10 लाख लोगों ने किए बाबा केदार के दर्शन, पुराने सभी रिकॉर्ड टूटे

NEET के बाद CUET परीक्षा में भी NTA की फजीहत, पहली शिफ्ट की परीक्षा टली, दूसरी शिफ्ट में भी देरी

Latest India News