1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल में पीर निगाह के पास खाई में गिरा ट्रक, 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल, सभी हरियाणा के करनाल के रहने वाले

हिमाचल में पीर निगाह के पास खाई में गिरा ट्रक, 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल, सभी हरियाणा के करनाल के रहने वाले

हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री से ऊना के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह में माथा टेकने पहुंचे श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। पीर निगाह मंदिर से 2 किलोमीटर दूर इन श्रद्धालुओं का ट्रक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया।

ऊना में 50 से ज्यादा...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ऊना में 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल।

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हुआ जिसमें करीब 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में बच्चों, महिलाओं समेत हर वर्ग के लोग शामिल हैं। हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री से ये सभी श्रद्धालु उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह में माथा टेकने पहुंचे थे।

माता नैना देवी के दरबार जाते समय ट्रक खाई में गिरा

पानीपत, फतेहाबाद और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालु अपने रिश्तेदारों के साथ जत्थे में रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। पीर निगाह में माथा टेकने और भंडारा आयोजित करने के बाद मंगलवार सुबह सभी 50-60 श्रद्धालु माता नैना देवी के दरबार की तरफ निकले। पीर निगाह मंदिर से मात्र 2 किलोमीटर दूर इन श्रद्धालुओं का ट्रक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया। जिसके चलते ट्रक में सवार करीब 50 से ज्यादा श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए।

Image Source : reporter inputअस्पताल में भर्ती घायल।

गंभीर घायल PGI चंडीगढ़ रेफर

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर ट्रक में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय लोगों के वाहनों के माध्यम से तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। श्रद्धालुओं की नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वहीं, जिन श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है, उन्हें वाहनों के माध्यम से उनके पैतृक गांव इंद्री वापस भेजा जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। तहसीलदार ऊना की ओर से घायलों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने की कार्रवाई भी शुरू की गई।

हर साल झंडा रस्म अदा करने आते हैं श्रद्धालु

बताया जा रहा है कि श्रद्धालु हर साल की तरह इस बार भी पीर निगाह दरबार में झंडा रस्म अदा करने पहुंचे थे। इसके बाद उनका मां नैना देवी के दर्शन कर वापस घर लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन पीर निगाह के खतरनाक मोड़ पर ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और ट्रक गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। 

(रिपोर्ट- कपिल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

टोल प्लाजा पर लेन बदलते समय हुआ हादसा, डिवाइडर से टकराई बस, कई यात्री घायल; CCTV फुटेज आया सामने

पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग से ठीक पहले फ्लाइट से टकराया पक्षी, 164 यात्री थे सवार

Latest India News