1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आप की अदालत: AAP ने कैसे पैसे की बर्बादी की? रेखा गुप्ता ने केजरीवाल की सरकार पर लगाए ये आरोप

आप की अदालत: AAP ने कैसे पैसे की बर्बादी की? रेखा गुप्ता ने केजरीवाल की सरकार पर लगाए ये आरोप

Aap ki Adalat: आप सरकार में कॉन्ट्रैक्ट पर की गई बहाली का उल्लेख करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केजरीवाल की सरकार ने कैसे पैसों की बर्बादी की।

Aap Ki adalat, Rekha Gupta- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV 'आप की अदालत' में रेखा गुप्ता

Aap ki Adalat: देश के चर्चित और लोकप्रिय टीवी शो 'आप की अदालत' में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केजरीवाल सरकार कार्यकाल में पैसों की बर्बादी का जिक्र किया। उन्होंने इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के सवालों का जवाब देने के क्रम में आप सरकार में कॉन्ट्रैक्ट पर की गई बहाली का उल्लेख करते हुए बताया कि केजरीवाल की सरकार ने कैसे पैसों की बर्बादी की।

500 की जगह 25 हजार लोगों की नियुक्ति

मुख्यमंत्री रेखा ने आरोप लगाया कि AAP सरकार ने सिविल डिफेंस में कॉन्ट्रैक्ट पर लोगों की नियुक्ति करके धन की बर्बादी की। उन्होंने कहा," दिल्ली सरकार में 500 सिविल डिफेंस वाले की जरूरत थी लेकिन केजरीवाल की सरकार ने 25 हज़ार लोगों को नियुक्त कर दिया। उनको बीच-बीच में ऑड इवन का काम दे दिया। कभी रेड लाइट पर खड़े कर देते थे। बत्ती बंद रखी जाती थी। उनको लाखों रुपए देते रहते थे। हजारों करोड़ रुपए उन्होंने इसी भ्रष्टाचार में निपटा दिए।

तख्ती पकड़ने वालों को रोजाना एक हजार रुपये

रेखा गुप्ता ने आगे कहा-'एक व्यक्ति केवल जिसका काम तख्ती पकड़ना है, उसको दिन का हजार रुपए मिल रहा। 30,000 रुपये इंजीनियर लोग नहीं ले रहे हैं, वह तख्ती पकड़ने वाला लेता था और जब कोर्ट के आदेश हुए कि आप गलत कर रहे हैं, भ्रष्टाचार हुआ है... तो सब को निकाल दिया। अब वे 20 से 25 हजार लोग बेरोजगार हो गए। इसी तरह बस में मार्शल नियुक्त किए गए। आज इलेक्ट्रॉनिक बसें आ गईं, जिसमें कैमरा भी है, पैनिक बटन भी है, सब कुछ है। मार्शल की जरूरत नहीं है। वो मार्शल अब रोज पूछते हैं हमारा क्या होगा जी, हमारा क्या होगा जी... इतने सालों तक केजरीवाल ने एक भी परमानेंट एम्पलाई को नियुक्त नहीं किया। सब कॉन्ट्रैक्ट पर चलता रहा। 

हमने परमानेंट जॉब क्रिएट की-रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-'पहली बार सरकार ने इस 15- 20 साल के शासनकाल के बाद परमानेंट जॉब क्रिएट की। हम अभी 6 तारीख को 1500 नर्सों को अपॉइंटमेंट लेटर दे रहे हैं। अब परमानेंट नर्सेज आएंगी तो जो कॉन्ट्रैक्ट वाली थी वो पूछेंगी कि हमारा क्या होगा?  इस तरह की समस्याएं मेरे लिए छोड़ कर गए। मेरे लिए यह थोड़ा ज्यादा तकलीफदायक है कि काम तो नहीं किया लेकिन कम से कम सिस्टम को नहीं उलझाते।'

 

Latest India News