1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय जबरदस्ती महिला के घर में घुसा, पहले वॉशरूम इस्तेमाल किया, फिर खुद को किया एक्सपोज

बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय जबरदस्ती महिला के घर में घुसा, पहले वॉशरूम इस्तेमाल किया, फिर खुद को किया एक्सपोज

बेंगलुरु में एक डिलीवरी बॉय ने महिला के घर में घुसकर वॉशरूम का इस्तेमाल किया और फिर खुद को महिला के सामने एक्सपोज भी कर दिया। इस घटना से महिला सदमे में है।

आरोपी डिलीवरी बॉय - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी डिलीवरी बॉय

बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक डिलीवरी बॉय ने एक महिला के घर में घुसकर वॉशरूम का इस्तेमाल किया है और फिर खुद को एक्सपोज भी किया है। पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक पोस्ट किया है और आरोप लगाए हैं।

क्या है पूरा मामला?

महिला ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में दावा किया कि एक डिलीवरी बॉय पार्सल देने आया था। इस दौरान उसने महिला से वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला के अनुसार, उसने कई बार मना किया और उसे पड़ोस के किसी घर में जाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद डिलीवरी बॉय उसकी अनुमति के बिना घर के अंदर घुस गया।

महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद डिलीवरी बॉय ने उसके सामने खुद को एक्सपोज किया। महिला ने कहा कि इस घटना से वह सदमे में हैं और अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उसने यह भी दावा किया कि घटना का एक हिस्सा उसके मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुआ है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उसने न्याय की मांग की है।

पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया

इस मामले को बेंगलुरु पुलिस ने संज्ञान में लिया है। पुलिस ने महिला से घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी और सबूत साझा करने को कहा है, ताकि आरोपों का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए वे महिला से और जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

आरोपी गिरफ्तार

डिलीवरी बॉय द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर, मारतहल्ली पुलिस स्टेशन में BNS की धाराओं 75, 79, 329 (2) के तहत केस नंबर 345/2026 दर्ज किया गया और आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामथ को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में घर पर सामान मंगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग होम डिलीवरी करवाते हैं। ऐसे में अगर डिलीवरी बॉय ही आपराधिक प्रवृत्ति का होगा या फिर महिलाओं के प्रति गलत भावना से ग्रसित होगा तो लोग सुरक्षित कैसे रहेंगे? ये एक बड़ा सवाल है। 

इससे पहले डिलीवरी बॉय से जुड़ा एक और मामला सामने आया था। दरअसल एक डिलीवरी बॉय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस डिलीवरी बॉय ने सामान डिलीवर करने के बाद चोरी की थी

Flipkart ने डिलीवरी बॉय को टर्मिनेट किया, बयान भी आया सामने

Flipkart ने इस मामले में बयान जारी किया है और कहा है कि हम इस घटना से बहुत परेशान हैं और कस्टमर को पूरा सहयोग दे रहे हैं। कस्टमर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। जैसे ही यह मामला हमारे ध्यान में आया, हमने तुरंत उस डिलीवरी पार्टनर की सेवाएं समाप्त कर दीं। FIR दर्ज कर ली गई है और हम जांच अधिकारियों के साथ सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Flipkart ने कहा कि सभी डिलीवरी पार्टनर्स को काम पर रखने से पहले बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और जरूरी ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है। हालांकि इस तरह की घटनाएं बहुत कम होती हैं, फिर भी ऐसी एक भी घटना स्वीकार्य नहीं है। हम इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कस्टमर सुरक्षा प्रक्रियाओं को और मजबूत करने के लिए कोई अतिरिक्त उपाय किए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- 

15 रुपये के ऑर्डर पर 500 की टिप मिलते ही खिल उठा चेहरा, डिलीवरी ब्वॉय का रिएक्शन हो रहा वायरल

Latest India News