अमेरिका के हिंदू मंदिर में Mass Shooting की कथित साजिश का खुलासा होने पर भारत ने चिंता व्यक्त की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बीते बुधवार को इलिनोइस के ऑरोरा में हिंदू मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश पर चिंता जाहिर की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह वारदात अमेरिका में 'नस्लीय शत्रुता और एंटी-इंडिया हेट' को लेकर बढ़ती चिंताओं को और ज्यादा बढ़ाती है। इसके साथ ही, विदेश मंत्रालय ने अमेरिका में भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
एंटी-हिंदू और रेसिस्ट नेचर ने बढ़ाई चिंता
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, इस साजिश का एंटी-हिंदू और रेसिस्ट नेचर, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा भी शामिल है, बेहद चिंताजनक है।
इलिनोइस के ऑरोरा में हिंदू मंदिर को टारगेट कर Mass Shooting करने की कथित साजिश की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं। इस साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के विरुद्ध हिंसा की बात भी है, काफी चिंताजनक है: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
नफरत से प्रेरित हिंसा के खिलाफ हो 'जीरो टॉलरेंस'
प्रवक्ता ने आगे कहा कि भारत ने अमेरिका की तरफ से की गई कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें संदिग्ध को अरेस्ट करना और उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं। यह वारदात अमेरिका में रेजिज्म और एंटी-इंडिया माहौल को लेकर बढ़ती चिंताओं को और भी बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और ज्यादा सावधानी बरतने, नफरत से प्रेरित होकर की जाने हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की पॉलिसी अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।
दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग
भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी अफसरों से इस केस की गहन जांच करने, दोषियों को कटघरे में लाने और भविष्य में ऐसी वारदातों को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा है। रणधीर जायसवाल ने आगे कहा, 'हम आशा करते हैं कि अमेरिकी अफसर इस केस की पूरी जांच करेंगे, दोषियों को सजा दिलाएंगे और ऐसी वारदातों को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।' गौरतलब है कि यह स्टेटमेंट इलिनोइस में हिंदुओं के एक मंदिर को निशाना बनाकर Mass Shooting करने की कथित साजिश के सिलसिले में 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस के अरेस्ट हो जाने के बाद आया है।
(इनपुट- ANI)
ये भी पढ़ें- 'पाकिस्तान से होने वाली हर आतंकी हरकत का देंगे और भी कड़ा जवाब', रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी चेतावनी
Latest India News