1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत ने अमेरिका के साथ हथियारों के सौदे पर नहीं लगाई कोई रोक, सरकार ने रिपोर्ट को बताया झूठा

भारत ने अमेरिका के साथ हथियारों के सौदे पर नहीं लगाई कोई रोक, सरकार ने रिपोर्ट को बताया झूठा

कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी टैरिफ के जवाब में भारत सरकार ने अमेरिका के साथ हथियारों का सौदा रोक दिया है। हालांकि, ये खबर गलत साबित हुई है।

pm modi donald trump india usa weapons deal- India TV Hindi
Image Source : PTI/AP भारत ने दिया ट्रंप के टैरिफ पर जवाब।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत के खिलाफ बयान दे रहे हैं और टैरिफ भी लगा रहे हैं। अब तक ट्रंप ने भारत के खिलाफ 25+25 यानी 50 फीसदी टैरिफ का ऐलान कर दिया है। इस बीच खबर आई कि भारत ने भी अमेरिका के खिलाफ कदम उठाया है। खबर आई कि ट्रंप के टैरिफ हमले के बीच भारत ने अमेरिका के साथ हथियारों के सौदे पर रोक लगा दी है। अमेरिका के साथ स्ट्राइकर कॉम्बैट व्हीकल, जैवलिन मिसाइल की डील टाल दी गई है। हालांकि, ये खबर गलत साबित हुई है।

रक्षा मंत्रालय ने क्या बताया?

रक्षा मंत्रालय के अधिकारी की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक, "भारत द्वारा अमेरिका के साथ रक्षा खरीद संबंधी वार्ता रोकने की खबरें झूठी और मनगढ़ंत हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि खरीद के विभिन्न मामलों में मौजूदा प्रक्रियाओं के अनुसार प्रगति हो रही है।"

भारत के खिलाफ ट्रंप का टैरिफ वॉर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीते हफ्ते रूसी तेल खरीदने के बदले भारत के निर्यात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके बाद बुधवार को 25 प्रतिशत शुल्क और लगा दिया। इसके बाद भारत पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत हो गया है। यह अमेरिका द्वारा किसी भी देश पर लगाए गए सबसे अधिक टैरिफ में से एक है। यह अतिरिक्त शुल्क 21 दिन बाद यानी 27 अगस्त से प्रभावी होगा।  डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ टैरिफ का मुद्दा सुलझने तक व्यापार वार्ता की संभावना से इनकार किया है।

टैरिफ पर भारत ने क्या कहा?

अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा- "नयी दिल्ली को निशाना बनाना अनुचित और अविवेकपूर्ण है। किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।’’

ये भी पढ़ें- Tariff War:पीएम मोदी की चीन यात्रा से पहले 'ग्लोबल टाइम्स' का लेख, इस खास हिंदू कहावत का किया जिक्र...कहा-अच्छा मौका

भारत के पास डोनाल्ड ट्रम्प के 50% टैरिफ का क्या है तोड़? इससे कैसे निपट सकता है देश?

Latest India News