1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Aaj Ka Mausam: नॉर्थ-ईस्ट में अगले 2 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP में फिर बरसेंघे मेघ? जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Aaj Ka Mausam: नॉर्थ-ईस्ट में अगले 2 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP में फिर बरसेंघे मेघ? जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम

पूर्वोत्तर राज्यों को बारिश से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में भी मॉनसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। आइए जानते हैं कि आज बुधवार को देश के किन राज्यों में बारिश होने की संभावना है।

delhi rain- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली में बारिश (फाइल फोटो)

देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ बारिश से हाहाकार मचा है। असम के 22 जिलों में साढ़े 5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वहीं मणिपुर के इंफाल घाटी और इसके आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश और बाढ़ के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है ऐसे कठिन हालात से निपटने के लिए भारतीय सेना युद्ध स्तर पर लगी हुई है। पूर्वोत्तर राज्यों को बारिश से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। यहां अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में भी मॉनसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है।

4 से 7 जून के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।  

हिमाचल में बर्फबारी के बाद टूरिस्टों के चेहरे खिले

एक तरफ जहां पू्र्वोत्तर में बाढ़ और बारिश का कहर है। वहीं हिमाचल में बर्फबारी ने सैलानियों के चेहरों के खिला दिया है। रोहतांग पास में हुई बर्फबारी के बाद टूरिस्टों के चेहरे खिल गए हैं। लोग बर्फ में जमकर मस्ती कर रहे हैं। बर्फबारी के बाद आने वाले दिनों में प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का जमावड़ा लगने की उम्मीद है। यहां पहुंच रहे लोगों को प्रकृति के इस खूबसूरत नजारे का आनंद लेने का मौका मिला है। 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में हल्की से तेज बारिश की आशंका व्यक्त की है और इसलिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा और आंधी आने की संभावना है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार दिल्ली के कुछ अलग-अलग इलाकों जैसे जाफरपुर, नजफगढ़ और आईजीआई एयरपोर्ट पर हल्की बारिश होने की ज्यादा संभावना है।

6 जून के बाद से मौसम सामान्य रहेगा और एक बार फिर से तापमान में वृद्धि होगी और लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

आज यूपी के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। बांदा, चित्रकूट, बलिया, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ में आज आंधी-बारिश के आसार हैं और इसी वजह से यहां पर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य राज्यों का क्या है हाल?

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश की संभावना बनी हुई है तो वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक , केरल, तमिलनाडु में येलो अलर्ट जारी है, जबकि पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है।

Latest India News