A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने सियालकोट को भारतीय सेना ने किया नेस्तनाबूद, जानें कहां है यह जगह

पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने सियालकोट को भारतीय सेना ने किया नेस्तनाबूद, जानें कहां है यह जगह

आज भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित अलग-अलग आतंकी ठिकानों पर हमला करते हुए पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला ले लिया है। इन ठिकानों में से एक सियालकोट भी है।

सियालकोट- India TV Hindi
Image Source : WIKIPEDIA सियालकोट

पिछले महीने यानी अप्रैल में 22 तारीख को आतंकियों ने जो कायराना हरकत की थी, उससे अभी तक देश में गुस्सा था मगर अब लोगों का वो गुस्सा अब शांत हो जाएगा क्योंकि सेना ने इसका बदला ले लिया है। पहलगाम में जिन 26 निर्दोषों को आतंकियों ने मारा था उसका बदला सेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला करके लिया। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना ने जिन ठिकानों पर हमला किया उसमें से 4 पाकिस्तान में और 5 पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में है। इनमें से एक सियालकोट भी शामिल है।

कहां है यह सियालकोट

जिस सियालकोट में स्थित आतंकी ठिकाने पर भारतीय सेना ने हमला किया है वो पाकिस्तान के पंजाब जिले के पूर्वी इलाके में स्थित है। इसकी सीमाएं पश्चिम में गुजरात जिले से, पूर्व में भारत के जम्मू जिले से, दक्षिण में नारोवाल से और दक्षिण-पश्चिम में गुजरांवाला जिले से लगती हैं। यह लाहौर से लगभग 125 किमी दूर है और पाकिस्तान का 12वां सबसे ज्यादा आबादी वाला शहर है। भारतीय सेना ने यहां आतंकी ठिकाने पर आज सुबह तड़के हमला करते हुए उसे नेस्तनाबूद कर दिया।

इस जगह सेना ने किया हमला

पाकिस्तान के सियालकोट में सेना ने जिस आतंकी अड्डे पर हमला किया वो हिजबुल मुजाहिदीन की महमूना जोया फैसिलिटी है। यह पाकिस्तान के पंजाब के सियालकोट जिले के हेड मारला इलाके में कोटली भुट्टा सरकारी अस्पताल के पास स्थित है। पाकिस्तानी आईएसआई ने आतंकवादी बुनियादी ढांचे को छिपाने के लिए IB और LoC पर सरकारी भवनों में ऐसी सुविधाएं स्थापित करने में मदद की है।

30 से ज्यादा आतंकियों की मौत

भारतीय सेना की तरफ पाकिस्तान में किए गए इस स्ट्राइक में करीब 9 आतंकी ठिकाने थे। उन सभी पर हमले के बाद यह खबर आ रही है कि इसमें करीब 30 से ज्यादा आतंकी की मौत हुई है। इस स्ट्राइक में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के ठिकाने रहे हैं। यहीं पर आतंकियों की ट्रेनिंक कराई जाती रही है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर यह हमला किया और पहलगाम में मारे गए निर्दोष लोगों की जान का बदला लिया है।

 

Latest India News