1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 6 साल से जिस पल का था इंतजार, वो आया... खुले महाप्रभु जगन्नाथ के जन्मस्थल के कपाट, श्रद्धालु हुए भावुक

6 साल से जिस पल का था इंतजार, वो आया... खुले महाप्रभु जगन्नाथ के जन्मस्थल के कपाट, श्रद्धालु हुए भावुक

पुरी जगन्नाथ धाम में मौजूद भगवान जगन्नाथ का जन्म स्थल गुंडिचा मंदिर आखिरकार भक्तों के लिए खोल दिया गया है। 6 साल के लंबे अंतराल के बाद मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की सुविधा बहाल होने से पुरी के धार्मिक माहौल में भी उत्साह बढ़ा है।

छह साल बाद खुले श्री...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छह साल बाद खुले श्री गुंडिचा मंदिर के कपाट।

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की जन्मवेदी के रूप में पूजनीय श्री गुंडिचा मंदिर को 6 साल के लंबे अंतराल के बाद सोमवार को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद साल 2020 से यह मंदिर बंद था। लंबे समय से मंदिर के दोबारा खुलने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए यह पल काफी खास रहा। मंदिर खुलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और पूरे परिसर में धार्मिक माहौल देखने को मिला। इस बीच आपको बता दें कि पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर में आज 4 घंटे दर्शन बंद रहेंगे।

महाप्रभु के जन्मस्थल पर उमड़ी आस्था

मंदिर को आम लोगों के लिए खोलने से पहले पारंपरिक पूजा और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद सुबह करीब 7:45 बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक भी इस खास मौके पर श्रद्धालुओं के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग भगवान जगन्नाथ की जन्मवेदी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराने की व्यवस्था की गई है। 

Image Source : reporter inputगुंडिचा मंदिर के कपाट खुलने से श्रद्धालुओं में खुशी की लहर।

पहले 3 दिनों तक निशुल्क प्रवेश

मंदिर खुलने के पहले 3 दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। इसके बाद मंदिर में प्रवेश के लिए 10 रुपये का सामान्य टिकट लागू किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद कुमार पाढ़ी ने कहा कि श्री गुंडिचा मंदिर भगवान जगन्नाथ से जुड़ा बेहद पवित्र स्थान है और इसे भगवान जगन्नाथ की जन्मवेदी के रूप में माना जाता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया है और अब श्रीक्षेत्र पुरी आने वाले सभी श्रद्धालु यहां दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं को बेहतर और सुखद अनुभव मिले, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Image Source : reporter inputश्री गुंडिचा मंदिर

सिंहद्वार पर कड़ी सुरक्षा

पुरी SP प्रतीक सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा, “आज पवित्र गुंडिचा मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है और हमारी ओर से सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु टिकट के जरिए मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे और प्रवेश सिंहद्वार से होगा। सिंहद्वार पर भी सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।”

6 साल बाद मंदिर के दोबारा खुलने से सेवायतों और श्रद्धालुओं में खुशी है। मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की सुविधा बहाल होने से पुरी के धार्मिक माहौल में भी उत्साह बढ़ा है। आगामी त्योहारों के मौसम से पहले गुंडिचा मंदिर के खुलने को श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भगवान जगन्नाथ इतने अमीर कि बैंक में ₹1912 करोड़ पड़े हैं... जमीन इतनी कि शहर बसा लो!

VIDEO: श्री जगन्नाथ मंदिर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा नकाबपोश युवक और जाकर बैठ गया, मचा हड़कंप, आरोपी की हुई पहचान

Latest India News