नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 47 अधिकारी टर्मिनेट, शनिवार को फिर बैठक करेंगे CJP नेता और सरकार के मंत्री
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। वहीं, दिल्ली के वीपी हाउस में CJP नेता और सरकार के प्रतिनिधियों की मीटिंग हुई, जिसमें CJP की तरफ से सरकार को पार्टी की मांगें लिखित रूप से सौंपी गईं। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच दोबारा बैठक होगी।

दिल्ली के जंतर मंतर में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। शुक्रवार को सीजेपी के नेताओं ने सरकार के मंत्रियों से बातचीत की और अपनी मांगें लिखित में सरकार के सामने रखीं। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ FIR रद्द करना, नीट पेपर लीक के कारण सुसाइड करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए सही व्यवस्था बनाना शामिल है।
दिल्ली के वीपी हाउस में बैठक के दौरान CJP नेताओं की तरफ से सरकार के प्रतिनिधियों केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को 5 पैराग्राफ की लिखित मांगें सौंपी गईं। वहीं, सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनटीए के 47 अधिकारियों को टर्मिनेट कर दिया है। आने वाले दिनों में कई अन्य बड़े फैसले लिए जाएंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी ने पूरे देश में प्रदर्शन की अपील की और अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन भी हुए। CJP नेता अपनी मांगों पर अभी भी अड़े हुए हैं। Sonam Wangchuk के अनशन तोड़ने और सरकार के प्रस्ताव के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी अभी भी प्रोटेस्ट कर रही है। पार्टी ने साफ किया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता उनका विरोध जारी रहेगा। स्टूडेंट्स के प्रदर्शन से जुड़े हर अपडेट यहां पढ़ें।
Live updates : छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें
-
July 24, 2026 11:12 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शनिवार को भी बंद रहेंगे 18 मेट्रो स्टेशन
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि राजीव चौक और मंडी हाउस समेत 18 मेट्रो स्टेशन शनिवार को भी बंद रहेंगे। ये स्टेशन सुबह 7.30 मिनट पर बंद होंगे और अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
-
July 24, 2026 7:57 PM (IST) Posted by Shakti Singh
एनटीए के 47 अधिकारी बर्खाश्त
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 47 अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। आने वाले दिनों में कई और बड़े बदलाव हो सकते हैं। नौकरी से निकाले गए कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और क्रिमिनल कार्रवाई भी की जाएगी। सुधार के लिए कई और कदम भी उठाए जाएंगे। यह एनटीए में पूरे बदलाव का हिस्सा है, जो पेपर लीक को लेकर विवादों में रही है।
-
July 24, 2026 6:04 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दिल्ली मेट्रो ने दो स्टेशनों के गेट खोले
दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खोल दिए हैं। बाकी सभी 15 स्टेशनों के गेट बंद हैं। सुरक्षा कारणों से इन मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है।
-
July 24, 2026 5:23 PM (IST) Posted by Shakti Singh
गृह मंत्रालय ने बिटचैट एप ब्लॉक करने को कहा
गृह मंत्रालय ने गिटहब से बिटचैट एप ब्लॉक करने के लिए कहा है। यह एप मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट के बिना मैसेज भेजने की सुविधा देता है। ब्लूटूथ के जरिए मोबाइल फोन आपस में कनेक्ट होते हैं और एक बड़ा नेटवर्क बना लेते हैं। I4C के मुताबिक, ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल इंटरनेट शटडाउन के दौरान किया जा सकता है। एजेंसी का कहना है कि इनका इस्तेमाल दंगे, संगठित अपराध, आतंकवाद, गैरकानूनी जमावड़े, अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने जैसी गतिविधियों में भी हो सकता है।
-
July 24, 2026 5:05 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सरकार पर भरोसा रखें युवा- मिलिंद देवड़ा
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा, "हमारी पार्टी शिवसेना की तरफ से, महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे, हम सोनम वांगचुक के कल देर रात अपना अनशन तोड़ने का स्वागत करते हैं। हम युवा पीढ़ी से अपील करना चाहेंगे कि आपको सरकार पर भरोसा करना चाहिए। नीट पेपर लीक के बाद सरकार पहले ही ऐसे कई कदम उठा चुकी है। आज की युवा पीढ़ी अकाउंटेबिलिटी चाहती है। वे नेताओं और सरकार चलाने वालों के बीच अकाउंटेबिलिटी चाहते हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी के लिए अकाउंटेबिलिटी की गारंटी दी है।"
-
July 24, 2026 4:27 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सोमवार को सदन में पेश होगा पेपर लीक रोकने वाला बिल
प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सरकार नया कानून ला रही है। इसे सोमवार के दिन सदन में पेश किया जाएगा। इसमें पुराने कानून की तुलना में दोगुनी सजा के प्रवाधान हैं।
-
July 24, 2026 3:43 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शनिवार को फिर सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच बैठक
शनिवार को फिर सरकार के मंत्रियों और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच बैठक होगी। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच दो बार बैठक हो चुकी है। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने अपनी मांगें सरकार के सामने रखी हैं। प्रदर्शनकारियों की तीन में दो मांगों पर सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया है।
-
July 24, 2026 3:00 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
कल फिर CJP के साथ बात होगी: नड्डा
सरकार और CJP के बीच मीटिंग खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, 'मीटिंग में CJP के साथ अच्छे माहौल में बात हुई। कल फिर CJP के साथ बात होगी।'
-
July 24, 2026 2:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार ने समय मांगा: CJP
सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, 'सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार उन्हें जल्द ही बर्खास्त कर देगी। सरकार ने मुआवज़ा (सुसाइड से मरने वाले NEET कैंडिडेट्स के परिवारों के लिए) और छात्रों पर FIR, लीगल केस वापस लेने की दो मांगों पर इन-प्रिंसिपल पॉजिटिव है।'
-
July 24, 2026 2:48 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पेपर लीक पर कठोर प्रावधान वाले प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी
पेपर लीक पर कार्रवाई के संबंध में कठोर प्रावधान वाले प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के मुताबिक, इसके तहत पहले जितनी सजा मिलती थी , उससे दुगुनी सजा का प्रावधान किया गया है। आज शाम 4 बजे इस बारे में प्रेस ब्रीफिंग है।
-
July 24, 2026 2:41 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी CJP
CJP नेताओं ने सरकार के प्रतिनिधियों को मांगें लिखित रूप में सौंप दी हैं। इसमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, नीट पेपर लीक की वजह से खुदकुशी करने वाले स्टूडेंट्स के परिवारों को 1 करोड़ का मुआवजा और छात्रों पर एक्शन के लिए माफी की बात शामिल है।
-
July 24, 2026 2:32 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
CJP ने सरकार को लिखित रूप में सौंपीं अपनी मांगें
दिल्ली के वीपी हाउस में CJP नेताओं और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच हुई मीटिंग खत्म हो गई है। इस बैठक में सीजेपी नेताओं ने सरकार को अपनी लिखित मांगें सौंप दी हैं। सीजेपी ने 5 पैराग्राफ की लिखित मांगें सरकार को दी हैं।
-
July 24, 2026 2:18 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
वीपी हाउस में CJP और सरकार के बीच बैठर जारी
सीजेपी नेताओं और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली के वीपी हाउस के कमरा नंबर 504 में बैठक चल रही है। सीजेपी नेता, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जिंतेंद्र सिंह के सामने अपनी मांगें रख रहे हैं।
-
July 24, 2026 1:41 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी अगले आदेश तक बंद
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसके अलावा, दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन पहले से आज सुबह साढ़े 7 बजे से बंद हैं।
-
July 24, 2026 1:08 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
CJP नेताओं और सरकार के प्रतिनिधियों की मीटिंग थोड़ी देर में होगी शुरू
थोड़ी देर में दिल्ली में CJP के नेताओं और सरकार के प्रतिनिधियों केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह में बातचीत होगी। दोनों ही पक्षों की कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में मुलाकात होगी। इस मीटिंग में CJP लीडर अपनी मांगे एक बार फिर सरकार के सामने रख सकते हैं।
-
July 24, 2026 12:45 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शिक्षा मंत्री को हटाए बिना नहीं करेंगे चर्चा- धर्मेंद्र प्रधान
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "छात्रों की तीन मांगें हैं: 1- शिक्षा मंत्री को हटाया जाए, 2- छात्रों पर हमला करने और उन्हें पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो और 3- प्रधानमंत्री छात्रों से माफी मांगें। ये 3 शर्तें हैं। जब तक धर्मेंद्र प्रधान को हटाया नहीं जाता, हम कोई बातचीत या चर्चा नहीं करेंगे। बस यही बात है।"
-
July 24, 2026 12:41 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रोटेस्ट- अभिजीत दीपके
सीजेपी का कहना है कि जबतक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देंगे, जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा। अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट जारी रहेगा।
-
July 24, 2026 12:37 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
JNU ने छात्रों के लिए जारी की एडवाइजरी
JNU ने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अपील की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, जंतर-मंतर और उसके आसपास होने वाले किसी भी प्रदर्शन या भीड़ में शामिल होने या वहां जाने से बचें। सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदारी से पोस्ट करें। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ यूनिवर्सिटी की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।
-
July 24, 2026 12:36 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
NEET के सुधारों पर केंद्र और NTA विस्तृत हलफनामा दायर करें- सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को NEET-UG पेपर लीक के बाद सुधारों को लागू करने में हुई प्रगति पर विस्तृत हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है। जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और आलोक अराधे की बेंच ने कहा कि एफिडेविट में कामचलाऊ उपायों पर निर्भर रहने के बजाय सुधारों को संस्थागत बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताया जाना चाहिए।
-
July 24, 2026 12:05 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
गृहमंत्री शाह के साथ नड्डा और जितेंद्र सिंह की बैठक
दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच, केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में नजर आ रही है। इस वक्त केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मीटिंग चल रही है।
-
July 24, 2026 11:31 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
दिल्ली पुलिस के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी है। अगले आदेश तक छुट्टी रद्द की गई है। सभी रैंक के अधिकारी के लिए आदेश जारी किया गया है। दिल्ली में जारी स्टूडेंट्स के प्रदर्शन के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
-
July 24, 2026 11:29 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
'संसद चलो' मार्च के NIA जांच वाली याचिका पर आज HC में होगी सुनवाई
दिल्ली हाईकोर्ट ने 20 जुलाई के 'संसद चलो' मार्च में NIA द्वारा जांच के निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई। याचिकाकर्ता के वकील ने मुख्य न्यायधीश के सामने मामले की मेंशनिंग करते हुए कहा कि कल इस जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई के लिए हाईकोर्ट ने सहमति जताई थी लेकिन याचिका आज सुनवाई के लिए लिस्टेड नहीं हुई है। जिसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले को आज ही सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई।
-
July 24, 2026 11:13 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा धरना- अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा "जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर हमारा धरना जारी रहेगा। हमें बहुत राहत मिली है कि सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है, क्योंकि उन्हें 26 दिन से ज्यादा हो गए थे। देश के लिए उनकी जान वाकई बहुत कीमती है।'' आज केंद्रीय मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक पर अभिजीत दीपके ने कहा कि बैठक किसी न्यूट्रल जगह पर होगी। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं है।
-
July 24, 2026 10:42 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
NEET पेपर लीक पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
NEET-UG 2026 पेपर लीक से जुड़ी कई याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। याचिका में इस परीक्षा को आयोजित कराने वाली National Testing Agency पर सवाल खड़ा किया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि कोर्ट भारत सरकार को निर्देश दे कि NTA को बदला जाए या पूरी तरह नया और ज्यादा सुरक्षित सिस्टम बनाया जाए। नई संस्था ऐसी हो जो तकनीकी रूप से मजबूत, ज्यादा सुरक्षित और स्वतंत्र तरीके से काम करने वाली हो। याचिकाकर्ताओं की मांग है कि कोर्ट CBI को निर्देश दे कि वो पेपर लीक को लेकर अपनी जांच के बारे में चार हफ्ते में रिपोर्ट दे।
-
July 24, 2026 10:37 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सुबह 11 बजे CJP करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका कहते हैं, "हम यह साफ करना चाहते हैं कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दोपहर 12:30 बजे PM को एक वीडियो जारी करना पड़ा, जिसका अर्थ है कि दबाव बहुत ज्यादा है। PM मोदी ने कहा कि वह बहुत सख्त कार्रवाई करेंगे। सबसे सख्त कार्रवाई धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही हो सकती है; तभी हम मानेंगे कि आप भारत के युवाओं को लेकर गंभीर हैं। दोपहर 12:30 बजे CCI में जेपी नड्डा जी के साथ बैठक है। उससे पहले, हम सुबह 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।"
-
July 24, 2026 10:13 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पेपर लीक के नए कानून में क्या-क्या हो सकता है?
हिंदुस्तान एक ऐसा कानून बनाने जा रहा है जो सिर्फ परीक्षा को ही डील करेगा। सरकार BNS की धारा से अलग Exam Related क्राइम के लिए अलग कानून बनाने जा रही है। इसका अलग कोर्ट होगा। इस वक्त पेपर लीक करने वाले माफिया पर चीटिंग जैसी हल्की धाराएं लगती हैं, जिसमें आसानी से बेल मिल जाती है। माफिया जेल से निकलकर फिर पेपर लीक करता है। लेकिन नए कानून में PMLA जैसी सख्ती हो सकती है। हो सकता है कि पेपर लीक करने वाले को ठीक उसी तरह बेल नहीं मिलेगी जैसे ED के केस में बेल नहीं मिलती है।
-
July 24, 2026 9:51 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
PM मोदी को एकतरफा मन की बात नहीं करनी चाहिए- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब संसद का सत्र चल रहा हो, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पेपर लीक के मुद्दे पर सदन में बयान देना चाहिए, न कि "एकतरफा मन की बात" करनी चाहिए। प्रधानमंत्री के वीडियो मैसेज पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का भी रिएक्शन आया है। खड़गे ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करके लिखा कि प्रधानमंत्री को संसद में बयान देना चाहिए। पीएम मोदी ने देर रात एक तरफा मन की बात की। प्रधानमंत्री संसद आने से पहले धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करें, साथ ही छात्रों से माफी भी मांगें। खड़गे ने ये भी लिखा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा के लिए तैयार है।
-
July 24, 2026 9:27 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
मोदी कैबिनेट में आज पेश होगा पेपर लीक से जुड़ा बिल
पेपर लीक से जुड़े बिल का मसौदा आज मोदी कैबिनेट में पेश किया जाएगा। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस बिल को मंजूरी मिल सकती है। साथ ही, आज सरकार के प्रतिनिधि, CJP के नेताओं से बात करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे।
-
July 24, 2026 9:15 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
विपक्ष के सांसद संसद के मकर द्वार पर करेंगे प्रदर्शन
संसद के मानसून सत्र के बीच विपक्ष के सांसद आज (शुक्रवार को) सुबह 10:30 बजे मकर द्वार पर स्टूडेंट्स के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। विपक्ष के सासंद बीते गुरुवार की शाम को गांधी स्मृति गए थे।
-
July 24, 2026 8:39 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक
छात्रों के प्रदर्शन की आड़ में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है। पाकिस्तान से संचालित 480 सोशल मीडिया हैंडल्स को ब्लॉक किया है। इनका मकसद लोगों को भड़काना और छात्रों का ध्यान भटकाना था। पुलिस ने छात्रों से पोस्ट शेयर करने से पहले सच्चाई जांचने की अपील की है।
-
July 24, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पिछले 24 घंटे में सरकार ने लिए कई बड़े एक्शन
- पीएम मोदी का पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने निर्देश।
- सरकार ने 4 बार CJP नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया।
- शिक्षा सचिव विनीत जोशी का ट्रांसफर किया गया।
- नरेश पाल गंगवार शिक्षा विभाग के नए सचिव नियुक्त हुए।
- पेपर लीक ट्रायल के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट नोटिफाई।
- दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनेगा।
- पीएम मोदी ने छात्रों के नाम वीडियो जारी किया।
- पेपर लीक के दोषियों को सख्त सजा देने का वादा किया।
- पीएम मोदी ने पेपर लीक पर बिल लाने का ऐलान किया।
- कैबिनेट में नए कानून का प्रस्ताव पेश होगा।
- सरकार ने सोनम वांगचुक को लिखित प्रस्ताव दिया है।
- एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म किया।
-
July 24, 2026 7:53 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े अभिजीत दीपके
केंद्र सरकार के लिखित आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म कर दिया है लेकिन CJP लीडर अभिजीत दीपके झुकने के लिए तैयार नहीं है। अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनका प्रोटेस्ट तब तक जारी रहेगा जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता।
-
July 24, 2026 7:42 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
आज भी दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन बंद
DMRC के मुताबिक, आज 24 जुलाई को सुबह 7:30 बजे से 17 प्रमुख स्टेशन बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आज लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोरबाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।
-
July 24, 2026 7:30 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन
गुरुग्राम के हॉस्पिटल में भर्ती सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल को खत्म कर दिया है। सोनम वांगचुक बीते 28 जून से भूख हड़ताल पर थे। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में सोनम वांगचुक ने अपने अनशन को खत्म किया। केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक को आश्वासन दिया है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स पर एक्शन नहीं होगा।
-
July 24, 2026 7:27 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi
मोदी कैबिनेट में आज रखा जाएगा कानून का मसौदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी रात को एक वीडियो मैसेज जारी किया। पीएम ने इस मैसेज में कहा कि केंद्र सरकार एक बहुत ही कड़े कानून के मसौदे को आज कैबिनेट की मीटिंग में रखने जा रही है। कैबिनेट से मंजूरी के बाद इसे पार्लियामेंट में अगले हफ्ते पास करवाने का प्रयास किया जाएगा।