Jharkhand Crime News: झारखंड में इन दिनों तकरीबन हर रोज बंदूकें गरज रही हैं। शुक्रवार को बाइक सवार अपराधियों ने जहां रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक प्लाईवुड प्रतिष्ठान में घुसकर गोली मार दी, वहीं लातेहार जिले के चंदवा में रेलवे प्रोजेक्ट साइट पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले तीन लोग घायल हो गए हैं। आज रांची में विष्णु गली स्थित मंगलम प्लाईवुड नामक प्रतिष्ठान में घुसकर अपराधियों ने गोलीबारी की। इसमें कारोबारी राहुल घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
Image Source : IndiaTVआसपास के CCTV फुटेज में दो अपराधी भागते देखे गए।
पुलिस मामले का जांच में जुटी
बताया गया कि बाइक सवार तीन अपराधी अचानक दुकान में घुसे और फायरिंग करने लगे। दुकान में मौजूद दो अन्य लोगों ने झुक कर जान बचाई। शोर करने पर वे भाग खड़े हुए। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। आसपास के CCTV फुटेज में दो अपराधी भागते देखे गए हैं। एक अपराधी हाथ में पिस्टल लिए सरेआम सड़क पर भागते देखा गया है। सिर पर हेलमेट लगे होने के वजह से अपराधी की पहचान नहीं की जा सकी है। गोलीबारी की वजह का पता नहीं चल पाया है।
लातेहार में माओवादियों ने की गोलीबारी
इधर लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन में शुक्रवार दोपहर बाद माओवादियों ने रेलवे प्रोजेक्ट साइट पर जमकर गोलीबारी की। साइट पर कार्यरत बिहार के औरंगाबाद के मूल निवासी शिव कुमार यादव के सीने में दो गोलियां लगी हैं। विशेश्वर यादव के पैर में गोली लगी है। एक अन्य युवक विकास यादव को भी गोली लगी है। ये दोनों लातेहार के बालूमाथ निवासी हैं। बताया गया कि माओवादियों की संख्या लगभग दस थी। माओवादियों के जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
Latest India News