1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Jharkhand Crime News: मेहमानी में आया था भांजा, सोए हुए मामा और 2 भाइयों को कुदाल से काटकर मार डाला

Jharkhand Crime News: मेहमानी में आया था भांजा, सोए हुए मामा और 2 भाइयों को कुदाल से काटकर मार डाला

परिवार के एक रिश्तेदार ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। हेमंत पूर्ति खूंटी थाना क्षेत्र स्थित भंडरा गांव में अपने मामा बीतना मुंडा के घर आया था। उसका अपने मामा और ममेरे भाई के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था।

Jharkhand News- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV Jharkhand News

Jharkhand Crime News: झारखंड के खूंटी जिला मुख्यालय के पास भंडरा गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के 3 लोगों की एक शख्स ने कुदाल से काटकर हत्या कर डाली और वो शख्स कोई और नहीं बल्कि जिनकी हत्या की उसी परिवार का भांजा है। घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है।

पैसे के लेनदेन को लेकर था विवाद
बता दें कि वारदात रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की है। पुलिस को सोमवार सुबह 10 बजे इसकी जानकारी मिली। बताया गया है कि परिवार के एक रिश्तेदार ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान इसी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र निवासी हेमंत पूर्ति के रूप में की है। उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक हेमंत पूर्ति खूंटी थाना क्षेत्र स्थित भंडरा गांव में अपने मामा बीतना मुंडा के घर आया था। उसका अपने मामा और ममेरे भाई के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। इसी बात को लेकर उसने मामा बीतना मुंडा और उनके दो बेटों सूरा मुंडा और विकास मुंडा की कुदाल से काटकर हत्या कर दी। उनपर उस वक्त हमला किया गया, जब वे गहरी नींद में सो रहे थे।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना के संबंध में मृतक के बड़े बेटे सोमा मुंडा का कहना है कि हेमंत पूर्ति ने तीनों हत्या क्यों की, यह बात उन्हें समझ में नहीं आ रही है। सोमा मुंडा ने बताया कि हेमंत मुरहू के गजगांव का रहने वाला है। रविवार को वह मेहमानी के तौर पर उनके घर आया था। रविवार की रात लगभग 10 बजे सोमा मुंडा, बितना मुंडा, सुड़ा मुंडा, विकास महतो ने एक साथ खाना खाया। हेमंत ने खाना खाने से मना कर दिया। खाना खाने के बाद सोमा मुंडा भंडरा गांव में स्थित मील में सोने चले गए।  

सुबह के लगभग साढ़े 6 बजे जब सोमा मुंडा अपने घर आए, तो दरवाजा बंद था। धक्का देकर दरवाजा खोला तो अंदर हेमंत डंडा लेकर खड़ा था और उसके पिता बितना, भाई सुड़ा और विकास महतो का शव लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ था। सोमा मुंडा ने उसी समय हेमंत को पकड़ लिया और उसके बाद आस-पड़ोस के लोग जुट गए। सबने मिलकर हेमंत को एक खंभे से बांध दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने यह वारदात अकेले अंजाम दिया या फिर किसी अन्य ने उसका सहयोग किया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस वारदात से इलाके में सनसनी है और परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा है।

Latest India News