A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लड़की ने खुदकुशी के लिए नदी में लगाई छलांग, एक पेड़ ने बचा ली उसकी जान

लड़की ने खुदकुशी के लिए नदी में लगाई छलांग, एक पेड़ ने बचा ली उसकी जान

कर्नाटक के मंड्या में आत्महत्या की कोशिश कर रही 19 वर्षीय लड़की पवित्रा को नदी में बहने के दौरान एक पेड़ ने बचा लिया। वह पूरी रात पेड़ पर फंसी रही और अगली सुबह पुलिस और दमकल विभाग ने उसे सुरक्षित निकाला।

Mandya girl suicide attempt, girl saved by tree Karnataka- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पवित्रा पूरी रात पेड़ में फंसी रही और सुबह पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर लिया।

मंड्या: कर्नाटक के मंड्या जिले में स्थित श्रीरंगपट्टना में गुरुवार शाम एक हैरान करने वाली घटना हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक सिटी की रहने वाली 19 साल की लड़की पवित्रा ने आत्महत्या करने के इरादे से कावेरी नदी में छलांग लगा दी। नदी की धारा इतनी तेज थी कि पवित्रा की जान का बचना मुश्किल था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पवित्रा नदी के तेज बहाव में करीब 5 किलोमीटर तक बहने के बाद हंगराहल्ली के पास नदी के बीच में एक पेड़ में फंस गई।

पूरी रात पेड़ पर फंसी रही पवित्रा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी रात पवित्रा पेड़ पर फंसी रही और शुक्रवार सुबह चमत्कारिक ढंग से उसकी जान बच गई। दरअसल, शुक्रवार सुबह जब पवित्रा ने नदी के किनारे खड़े लोगों को आवाज दी, तब लोगों ने देखा कि कोई नदी के बीच में फंसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अरकेरे पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एन. विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस और दमकल कर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पवित्रा को सुरक्षित पेड़ से निकाला और उसे श्रीरंगपट्टना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पवित्रा की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की पूरे मामले की जांच

पुलिस ने पवित्रा के माता-पिता को इस घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक, पवित्रा ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इसकी वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जब संयोग सही से काम करते हैं तो बड़े से बड़ा अनिष्ट भी टल जाता है। अगर पवित्रा पेड़ में न फंसती तो नदी की तेज धारा में उसकी जीवनलीला समाप्त होने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। लेकिन पेड़ में फंसने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की वजह से उसकी जान बच गई।

Latest India News