A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गाड़ी से उतरते ही भड़का हाथी, ले ली ड्राइवर की जान; महावत को भी कर दिया घायल

गाड़ी से उतरते ही भड़का हाथी, ले ली ड्राइवर की जान; महावत को भी कर दिया घायल

Elephant Attack: केरल में एक हाथी ने शख्स को मार डाला। वह गाड़ी से उतारने के बाद हाथी को काबू करने की कोशिश कर रहा था और इस दौरान हाथी बुरी तरह भड़क गया।

elephant killed man- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT केरल में हाथी ने शख्स को मार डाला।

Kerala Elephant Rampage Angamaly: केरल के अंगमाली में आज (शुक्रवार को) हाथी ने एक शख्स की जान ले ली। दरअसल, किडांगूर महाविष्णु मंदिर के पास एक हाथी के बेकाबू हो जाने से 40 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

गाड़ी में लाने वाले ड्राइवर को ही हाथी ने मार डाला

मृतक की पहचान कोल्लम के रहने वाले विष्णु के रूप में हुई है, जो उस वाहन को चला रहा था जिसमें हाथी को लाया गया था। वहीं, घायल महावत प्रदीप का इलाज चल रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि हाथी उत्पात मचा रहा है और गाड़ी का ड्राइवर खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिरा पड़ा है।

हाथी को काबू करने की कोशिश के दौरान मौत

बता दें कि विष्णु उस वक्त हाथी के गुस्से का शिकार हो गए जब वो बेकाबू हाथी को काबू करने की कोशिश कर रहे थे। इस जानवर को पास के ही एक दूसरे मंदिर में होने वाले उत्सव के लिए इस इलाके में लाया गया था, तभी अचानक यह नियंत्रण से बाहर हो गया और आस-पास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस हाथी की पहचान 'मय्यनाड पार्थसारथी' के रूप में हुई है और यह कोल्लम से आई एक टीम का हिस्सा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद बॉडी को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। विष्णु की मौत की खबर पाकर परिवार सदमे में है। उन्हें परिवार के सदस्य के जाने का गहरा दुख है।

Latest India News