1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुलिस को चकमा देने के लिए चावल में छिपाया गांजा, प्रेशर कुकर की सीटी ने खोल दी पोल

पुलिस को चकमा देने के लिए चावल में छिपाया गांजा, प्रेशर कुकर की सीटी ने खोल दी पोल

एक व्यक्ति ने पुलिस से बचने के लिए 401 ग्राम गांजा चावल पक रहे प्रेशर कुकर में छिपा दिया। लेकिन कुकर से आती गांजे की गंध और लगातार बजती सीटी ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

pressure cooker ganja case, NDPS Act case, ganja hidden in cooker- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कुकर से आ रही गंध ने आरोपी की पोल खोलकर रख दी।

त्रिशूर: पुलिस से बचने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं, लेकिन केरल के त्रिशूर जिले में एक शख्स की चालाकी उसी पर भारी पड़ गई। गांजा छिपाने के लिए उसने ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने गांजे का पैकेट चावल पक रहे प्रेशर कुकर के अंदर छिपा दिया, लेकिन कुकर की लगातार बजती सीटी और उससे निकल रही गंध ने उसका राज खोल दिया। हैरान कर देने वाले इस खुलासे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को आते देख गांजा प्रेशर कुकर में डाला

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर कुन्नमकुलम के पास अडुपुट्टी इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय बिनीश के घर की है। कुन्नमकुलम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिनीश अपने घर में गांजा छिपाकर रखता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापा मारने की योजना बनाई। अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही बिनीश ने पुलिस टीम को अपने घर की ओर आते देखा, वह घबरा गया। पुलिस से बचने के लिए उसने एक प्लास्टिक के पैकेट में रखा गांजा उस प्रेशर कुकर में डाल दिया, जिसमें उस समय चावल पक रहे थे। इसके बाद उसने कुकर को चूल्हे पर ही रहने दिया ताकि किसी को शक न हो।

चावल के साथ गांजे की गंध ने खोल दी पोल

पुलिस टीम ने घर पहुंचकर पूरी तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में उन्हें कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला। घर के हर हिस्से की जांच की गई, फिर भी गांजा बरामद नहीं हुआ। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों का ध्यान लगातार सीटी बजा रहे प्रेशर कुकर की ओर गया। अधिकारियों ने महसूस किया कि कुकर से सिर्फ चावल की नहीं, बल्कि गांजे जैसी गंध भी आ रही है। इस पर पुलिस को शक हुआ। उन्होंने तुरंत कुकर को चूल्हे से उतारा और उसकी भाप निकलने का इंतजार किया। जब कुकर खोला गया तो अंदर पके हुए चावल के बीच एक प्लास्टिक का पैकेट मिला।

पहले भी गांजा तस्करी के केस में फंसा है आरोपी

पैकेट की जांच करने पर उसमें 401 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही बिनीश को हिरासत में ले लिया और उसे कुन्नमकुलम पुलिस थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिनीश का नाम पहले भी गांजा तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है। अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और उसे किन लोगों तक पहुंचाता था।

Latest India News