मणिपुर में मंगलवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप आने के बाद मणिपुर विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को 5 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया। यह कंपन दोपहर करीब 12:08 बजे हुआ, जब कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र, जन स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए 'जल जीवन मिशन' पर एक प्रस्ताव पेश कर रहे थे। कंपन महसूस होते ही, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक ने तुरंत अपना भाषण रोक दिया।
कितनी थी तीव्रता?
इसके बाद, विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह ने 60 सदस्यों वाले सदन को 5 मिनट के लिए स्थगित करने की घोषणा की। बाद में सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई और सामान्य रूप से चलती रही। 4.3 तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र (एपीसेंटर) मणिपुर के कामजोंग जिले में था। बता दें कि मणिपुर विधानसभा का मौजूदा बजट सत्र 9 मार्च को शुरू हुआ था।
45 किमी गहराई पर था केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने X पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “4.3 तीव्रता का भूकंप, 17 मार्च 2026 को 12:08:51 पर आया। गहराई: 45 km, स्थान: कामजोंग, मणिपुर। खबर लिखे जाने तक, विधानसभा भवन या आस-पास की इमारतों को किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं थी। विधानसभा परिसर के अंदर या बाहर किसी के हताहत होने की भी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
Image Source : REPORTER INPUTमणिपुर में भूकंप
2016 में आया था 6.7 तीव्रता का भूकंप, 8 लोगों की हुई थी मौत
गौरतलब है कि 4 जनवरी, 2016 को मणिपुर में 6.7 तीव्रता का एक बड़ा भूकंप आया था, जिसमें 8 लोगों की जान चली गई थी। उस दौरान कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा था, जिनमें इम्फाल का मशहूर 'इमा कैथेल' (महिलाओं का बाजार) भी शामिल था।
यह भी पढ़ें-
भूकंप के तेज झटके से कांपी ताइवान की धरती, रिक्टर स्केल पर 5.7 रही तीव्रता, तबाही की आशंका से मची दहशत
तुर्की में भूकंप के झटकों से फिर कांपी धरती, दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए लोग
Latest India News