A
Hindi News भारत राष्ट्रीय वायुसेना से रिटायर हुआ मिग-21 लड़ाकू विमान, जानें कौन सा विमान लेगा इसकी जगह

वायुसेना से रिटायर हुआ मिग-21 लड़ाकू विमान, जानें कौन सा विमान लेगा इसकी जगह

60 साल से ज्यादा समय तक सेवा देने के बाद आज भारतीय वायुसेना का मिग-21 विमान रिटायर होने जा रहा है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद होंगे।

indian air force mig 21 retire- India TV Hindi Image Source : PTI आज रिटायर होगा MIG-21

देश का पहला सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग-21, 6 दशक से ज्यादा समय तक देश को सेवा देने के बाद आज शुक्रवार 26 सितंबर को रिटायर हो गया है। मिग-21 का विदाई समारोह चंडीगढ़ में आयोजित किया गया। यहां वायु सेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने मिग-21 के बादल फॉर्मेशन को फ्लाई किया। रिटायर होने के बाद ये लड़ाकू विमान अब इतिहास का हिस्सा बन जाएगा। 

कौन सा विमान लेगा मिग-21 की जगह?

भारतीय वायु सेना (IAF) ने दशकों से अपनी वायु शक्ति के प्रतीक रहे अपने मिग-21 लड़ाकू विमानों को रिटायर कर दिया है। इस कारण भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन संख्या अस्थायी रूप से कम हो जाएगी। भारत का स्वदेशी तेजस विमान तेजस धीरे-धीरे मिग-21 की जगह ले रहा है। वायुसेना में तेजस के नंबर 45 स्क्वाड्रन- फ्लाइंग डैगर्स और नंबर 18 स्क्वाड्रन- फ्लाइंग बुलेट्स के बाद, तीसरा स्क्वाड्रन- कोबरा जल्द ही शामिल होगा।

कहां तैनात होगा कोबरा स्क्वाड्रन?

भारतीय वायुसेना का कोबरा स्क्वाड्रन राजस्थान में एक एयरबेस पर तैनात किया जाएगा। इसका मकसद वायुसेना के पश्चिमी मोर्चे को मजबूत करना है। इससे भविष्य के खतरों के खिलाफ ऑपरेशनल तैयारी सुनिश्चित होगी।

अगले महीने लॉन्च होगा तेजस Mk1A

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की ओर से अगले महीने नासिक उत्पादन केंद्र से पहला तेजस Mk1A विमान लॉन्च किया जाएगा। तेजस Mk1A, तेजस का ही उन्नत संस्करण है जिसमें बेहतर रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉर फेयर सिस्टम और उन्नत लड़ाकू क्षमताएं शामिल हैं। तेजस Mk1A विमानों से आत्मनिर्भरता को मदद तो मिलेगी ही साथ ही विदेशी प्लेटफार्मों पर निर्भरता कम होगी और साथ ही वायुसेना के बेड़े का आधुनिकीकरण होगा।

मिग-21 विमान का इतिहास

मिग-21 लड़ाकू विमान को रूस ने 1950 के दशक में बनाया था। भारत ने इसे साल 1963 में खरीदा था। मिग-21 की खासियत इसकी तेज रफ्तार है। ये ध्वनि की गति से तेज उड़ सकता है और मैक 2 की स्पीड तक पहुंच जाता है। मिग-21 ने कई जंगों में शानदार प्रदर्शन किया है और इसने 2019 में पाकिस्तानी F-16 को भी ढे़र किया था।

ये भी पढ़ें- मिग-21 फाइटर जेट को हटाएगी वायुसेना, जानिए क्यों लिया गया ये फैसला

भारतीय वायुसेना को मिलेंगे 97 तेजस Mk1A फाइटर जेट, HAL के साथ हुआ 62,370 करोड़ का करार

Latest India News