देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में सभी को मॉनसून की बारिश का इंतजार है। मॉनसून भी अब आगे की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार (30 जून, 2026) को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ा है। साथ ही छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों और हिमाचल प्रदेश व लद्दाख के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ गया है।
जानिए कहां से होकर गुजरती है मॉनसून की उत्तरी सीमा
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार (30 जून) तक मॉनसून की उत्तरी सीमा 20°/60°E, 20°N/65°E, 20°N/70°E, सूरत, इंदौर, सागर, सीधी, आज़मगढ़, अयोध्या, बरेली, देहरादून, मंडी, 33.5°N/76.8°E और 35°N/80°E से होकर गुजरती है।
इन राज्यों की ओर आगे बढ़ रहा मॉनसून
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान परिस्थितियां मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूरे दमन और दीव, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के बाकी हिस्सों की ओर बढ़ रहा है।
दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून पूरे जम्मू-कश्मीर, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों और राजस्थान के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। आने वाले 2-3 दिनों में इन सभी राज्यों में झमाझम बारिश हो सकती है।
बंगाल के कई जिलों में हो रही बारिश
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में अगले 2 दिनों में और बारिश हो सकती है। मॉनसून की बारिश की वजह से क्षेत्र के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में गुरुवार सुबह तक भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने बताया कि सक्रिय मॉनसून प्रणाली से पिछले 24 घंटों में जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। लगातार बारिश की वजह से तीस्ता, जलढाका, डायना, लीश और घीश नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
मुंबई में बारिश के दौरान गिरा पेड़
मौसम विभाग ने मुंबई के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई। मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर को बारिश के दौरान सड़क किनारे लगा एक पीपल का पेड़ उखड़कर स्कूल बस पर गिर गया, जिससे वाहन के अंदर कई छात्र फंस गए। एक छात्र की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली-NCR में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, UP-बिहार-MP में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों का हाल
दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, पारा 41 डिग्री के पार; बारिश और तेज हवा का अलर्ट
Latest India News