1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, UP-बिहार-MP में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों का हाल

दिल्ली-NCR में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, UP-बिहार-MP में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों का हाल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 30, 2026 08:03 am IST,  Updated : Jun 30, 2026 08:12 am IST

दिल्ली-एनसीआर में रह रहे लोगों को आज उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं, बिहार के कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

कई राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट- India TV Hindi
कई राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट Image Source : PTI

मौसम विभाग ने आज यानी 30 जून को देश के बड़े हिस्से में मॉनसून के तेजी से आगे बढ़ने की जानकारी दी है। अगले 15 घंटों के भीतर 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 60 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। आज यहां हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 5 से 6 दिनों में मॉनसून दिल्ली में पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा।

यूपी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

यूपी के 21 से ज्यादा जिलों (जैसे- मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज) में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार की राजधानी पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और समस्तीपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और 65 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी है।

राजस्थान में इस हफ्ते जमकर बरसेंगे बादल

राजस्थान में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आएगी।

MP में भोपाल समेत कई जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज यानी 30 जून को अधिकतम तापमान 30°C रहने का अनुमान है। राजगढ़, मंदसौर, विदिशा, सिवनी और छतरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 60 से 65 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

महाराष्ट्र में 2 और 3 जुलाई को बहुत भारी बारिश की आशंका

मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में 5 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। अरब सागर में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे 2 और 3 जुलाई को राज्य में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल

  • अगले दो दिनों में मॉनसून पूरे उत्तराखंड को कवर कर सकता है। पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पहाड़ी इलाकों में बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान 4 से 6 डिग्री तक गिर जाएगा।
  • हिमाचल में 4 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 2 जुलाई से आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सोलन जैसे जिलों में 2 और 3 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
  • तमिलनाडु के नीलगिरी, डिंडीगुल और थेनी जिलों में भारी बारिश, बिजली और आंधी का अनुमान है। चेन्नई, कांचीपुरम और मदुरै समेत अन्य जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें-

CM विजय ने अधिकारियों को दी खुली छूट, कहा- "चाहे कोई कितना भी शक्तिशाली हो, सजा मिलनी चाहिए"

पंजाब के हर खेत तक पहुंचेगा नहर का पानी! CM मान का ऐलान- इस साल बिछेगी 7,000 KM पाइपलाइन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत