1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LIVE: SC ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज, सुनवाई से किया इनकार
Live now

LIVE: SC ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज, सुनवाई से किया इनकार

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच, केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 टुकड़ियां मंगवाई हैं। वहीं, इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है।

NEET Protest at Jantar Mantar- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) जंतर-मंतर पर NEET मामले को लेकर प्रदर्शन 32वें दिन भी जारी है।

NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के Jantar Mantar पर चल रहे Cockroach Janata Party के प्रदर्शन का आज 32वां दिन है। छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं तो कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर Abhijeet Dipke ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उनका समय बर्बाद किया है। दीपके ने कहा कि हमारे प्रतिनिधिमंडल को बुलाया गया और उन्हें जेपी नड्डा के घर नजरबंद कर दिया गया। ऐसे में अब वो सरकार से बातचीत करने नहीं जाएंगे, अब सरकार को बातचीत के लिए जंतर-मंतर पर आना होगा।

नीट पेपर लीक पर सड़क से संसद तक सियासत गरमा गई है। विपक्ष, सरकार को घेरने में लगा है और मामले में बहस की मांग कर रहा है। हालांकि, सरकार का कहना है कि वो सदन में चर्चा को तैयार हैं लेकिन फिर भी विपक्ष सड़कों पर हंगामा करने में लगा है। जंतर-मंतर पर पहुंचकर तमाम विपक्षी दलों के नेता सरकार के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। देर रात जंतर-मंतर पहुंचे उद्धव ठाकरे ने भी सरकार को घेरा और आरोप लगाए कि ये सरकार छात्रों का भला नहीं चाहती है। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा है कि वो तब तक प्रदर्शन करेंगे जबतक सरकार छात्रों की मांगे नहीं मान लेती। हालांकि, सरकार का कहना है कि वो मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है लेकिन विपक्ष सिर्फ लोगों को गुमराह करने में लगा है।

नीट पेपर लीक पर प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने सोनम वांगचुक से बातचीत की पहल की है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा ने मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की है। सफदरजंग अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सोनम इस वक्त मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। मौजूदा गतिरोध खत्म करने के लिए ये सरकार की बड़ी पहल मानी जा रही है। लेकिन सोनम वांगचुक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। वह नीट समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

वहीं, NEET पेपर लीक के मुद्दे पर अब चर्चा होगी या पॉलिटिक्स, ये देखने वाली बात होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार चर्चा को तैयार है और विपक्ष पर अचानक डिमांड बदलने का आरोप लगा रही है। बीते मंगलवार को लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास के सामने अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे राहुल गांधी से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दावा किया है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये आश्वासन दिया था कि अगर सरकार नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो जाती है तो धरना खत्म कर देंगे, लेकिन जब सरकार तैयार हो गई तो राहुल अपनी बात से पलट गए।

फिर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी रख दी। अब आज विपक्ष एक बार फिर सदन से संसद तक हंगामा कर सकता है। कांग्रेस संसद में पेपर लीक पर चर्चा करवाने की मांग करेगी और अगर सदन में बहस हुई तो पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को लेकर हर अपडेट यहां पढ़ें।

Latest India News

Live updates : जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के LIVE अपडेट्स

  • 11:43 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद

    स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया गया है। ITO, दिल्ली गेट, खान मार्केट और केंद्रीय सचिवालय समेत 16 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं।

  • 11:24 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    “हमारा समय बर्बाद मत कीजिए- CJI सूर्यकांत

    “हमारा समय बर्बाद मत कीजिए” सीजेआई सूर्यकांत ने CJP मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान ऐसा कहा। जब वकील ने कहा कि पुलिस की ज्यादती दिखाने वाले वीडियो मौजूद हैं, तो सीजेआई ने कहा, “हमें वीडियो में कोई दिलचस्पी नहीं है। हमारे पास वीडियो देखने का समय नहीं है।”

  • 11:09 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    जंतर-मंतर के पास 4 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद

    DMRC के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है।

  • 11:05 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    कोई गलतफहमी थी तो उसे सरकार को दूर करना चाहिए था- उद्धव ठाकरे

    CJP और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर कोई विरोध करता है, तो सरकार का फर्ज है कि वह जाकर उनसे बात करे और उनकी बात सुने। अगर उन्हें कोई गलतफहमी है, तो सरकार का कर्तव्य होता है उसे दूर करना, और इस सरकार ने ऐसा नहीं किया। अगर वे पहले ही दिन उनसे बात कर लेते, तो मामला इतना आगे नहीं बढ़ता, जैसे हमने मुंबई में विरोध किया था, वैसे ही हम और भी विरोध करेंगे। लोकतंत्र में बातचीत ही होती है।

  • 10:35 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    बंगाल से मंगाई गईं CRPF की 20 टुकड़ियां

    दिल्ली की सुरक्षा को लेकर सरकार सख्त है। केंद्र सरकार ने दिल्ली में CRPF की टुकड़ियों की तैनाती का फैसला किया है। पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 टुकड़ियां मंगाई गई हैं, जिन्हें दिल्ली की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा।

  • 10:23 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद का राहुल गांधी पर निशाना

    दिल्ली में लोक कल्याण मार्ग पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर BJP सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह भारत के लोकतंत्र और लोकतांत्रिक इतिहास में सचमुच एक शर्मनाक दिन था। विपक्ष के नेता राहुल गांधी जबरदस्ती और बिना इजाजत प्रधानमंत्री आवास के गेट पर धरने पर बैठ गए। उनके पिता, दादी और परदादा प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उन्हें PM आवास की गरिमा का पता है, फिर भी उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया। मैं इसकी निंदा करता हूं। PM की सुरक्षा सबसे अहम है। मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव NEET पर बातचीत के लिए उनके पास गए, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। राहुल गांधी, आपने गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया है। मैं कल आपके पूरे व्यवहार की निंदा करता हूं। आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। सुरक्षा और शांति के लिए यह जरूरी था।

  • 10:01 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    CJP प्रदर्शन को लेकर 10 FIR हुई दर्ज

    दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गई हैं। संसद मार्ग थाने में 4 FIR, सीपी थाने में 3 FIR, मंदिर मार्ग थाने में 1 FIR, बाराखंभा रोड थाने में 1 FIR और कर्तव्य पथ थाने में 1 FIR  दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में ये FIR दर्ज की गई हैं। मामलों की जांच जारी है।

  • 9:33 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    तृणमूल कांग्रेस ने की सदन में चर्चा की मांग

    दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़पों पर चर्चा को सदन में करने की मांग उठी है। तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा में आज 22 जुलाई के लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिया है, ताकि सदन 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर दिल्ली पुलिस की ज्यादतियों पर तुरंत चर्चा कर सके।

  • 9:08 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    RAF जवान पर हमला मामले में FIR दर्ज

    बीते मंगलवार की रात RAF जवान पर नई दिल्ली में कनॉट प्लेस के पास हुए अटैक मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लिया है और एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उपद्रवी RAF जवान को पीटते हुए नजर आ रहे थे।

  • 8:32 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    विरोध प्रदर्शन में नजर आई राहुल-अखिलेश की करीबी

    अरविंद केजरीवाल की पार्टी भले ही कांग्रेस और राहुल गांधी को घेर रही हो लेकिन यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक मंच पर आ गए हैं। राहुल हों या अखिलेश, सरकार को घेरने में कोई पीछे नहीं है। बीते मंगलवार को कांग्रेस सड़क पर उतरी तो समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस समेत समाजवादी पार्टी ने जबरदस्त हंगामा किया। इस दौरान, राहुल गांधी को अखिलेश यादव का पूरा सपोर्ट मिला।

  • 7:50 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में सपा का प्रदर्शन

    दिल्ली में अखिलेश यादव समेत तमाम सपा सांसदों को हिरासत में लिए जाने के बाद यूपी में राजधानी लखनऊ से लेकर मैनपुरी और सीतापुर समेत कई जिलों में समाजवादी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने बीते मंगलवार की शाम को प्रदर्शन किया। लखनऊ में नेता विपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय समर्थकों को लेकर सड़क पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

  • 7:25 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    धर्मेंद्र प्रधान का राहुल गांधी पर पलटवार

    राहुल गांधी समेत पूरा विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है। अब तक खामोश रहे शिक्षा मंत्री ने एक्स पर पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर पलटवार किया। धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद के मानसून सत्र के दौरान हंगामा करने के लिए छात्रों का राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रहे हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना देने का फैसला किया, जिससे जनता को परेशानी हुई और सुरक्षा के तय नियमों की अनदेखी की गई। सरकार के चर्चा के लिए पूरी तैयार होने की बात कहने के बाद भी, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा चुना। हमारी सरकार NEET पर चर्चा करने और सदन में हमारे युवाओं की हर असली चिंता को दूर करने के लिए 100% कमिटेड है।

  • 6:58 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    हाईकोर्ट में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग मामले की सुनवाई आज

    वहीं, CJP के प्रदर्शन का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है। दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई जिसमें सोमवार को हुए संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। इसमें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया और मामले में तत्काल सुनवाई करने की अपील की गई, जिससे कोर्ट ने इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने याचिकाकर्ता से कहा कि कोर्ट को इन सब चीजों में न घसीटें। बेंच ने कहा कि मामले को सुनवाई के लिए बुधवार को लिस्ट किया जाएगा।

  • 6:46 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने के खिलाफ MP में प्रदर्शन

    राहुल गांधी-प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लेने पर कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश में भी प्रदर्शन किया। भोपाल में सीएम के दफ्तर के बाहर कांग्रेस विधायक धरने पर बैठ गए। वहीं, राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

  • 6:44 AM (IST) Posted by Vinay Trivedi

    आज फिर से विपक्ष के हंगामे के आसार

    NEET पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष आज फिर संसद से लेकर सड़क तक हंगामा कर सकता है। कांग्रेस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस। केंद्र सरकार संसद में NEET पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष का रुख अलग है। बीते मंगलवार को राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस सांसदों ने लोक कल्याण मार्ग पर धरना प्रदर्शन किया था।