1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली में प्रदर्शन के बीच सोनम वांगचुक से मिले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, जानें क्या बात हुई

दिल्ली में प्रदर्शन के बीच सोनम वांगचुक से मिले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, जानें क्या बात हुई

 Reported By: Anamika Gaur Written By: Subhash Kumar
 Published : Jul 22, 2026 06:30 am IST,  Updated : Jul 22, 2026 12:55 pm IST

जंतर-मंतर पर CJP का प्रोटेस्ट अब भी जारी है। हालांकि, अब सरकार की ओर से भी पहल की गई है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात की है।

jp nadda meets sonam wangchuk- India TV Hindi
सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को उनके प्रदर्शन का 32वां दिन है। छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, दूसरी ओर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि अब वो सरकार से बातचीत करने नहीं जाएंगे। अब सरकार को बातचीत के लिए जंतर-मंतर पर आना होगा। इन सब के बीच अब सरकार ने भी बड़ी पहल की है। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की है।

सोनम वांगचुक से हुई मुलाकात

सूत्रों के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह और जेपी नड्डा ने मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की है। आपको बता दें कि सोनम इस वक्त मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। दिल्ली में जारी मौजूदा गतिरोध खत्म करने के लिए ये सरकार की बड़ी पहल मानी जा रही है। दरअसल, सोनम वांगचुक अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने नीट समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर अनशन रखा है।

आपको बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सोनम वांगचुक को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

मुलाकात में क्या बात हुई?

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के मंत्रियों की सोनम वांगचुक से मंगलवार की रात तकरीबन 45 मिनट की मुलाकात हुई थी। इस दौरान जेपी नड्डा और डॉ जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक को धैर्य से सुना। उसके बाद सोनम वांगचुक को उनकी पत्नी के बयान को दिखाया गया और पूछा गया कि सरकार चर्चा को तैयार तो फिर क्या समस्या है? इस पर वांगचुक ने कहा कि मुझे छात्रों के आंदोलन को भी देखना है।

सड़क से संसद तक सियासत गरमाई

आपको बता दें कि नीट पेपर लीक पर सड़क से संसद तक सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल भी लगातार सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। हालांकि, सरकार का कहना है कि वो सदन में चर्चा को तैयार हैं लेकिन फिर भी विपक्ष सड़कों पर हंगामा करने में लगा है। विपक्ष के कई नेता जंतर-मंतर पर भी पहुंचे हैं।और सरकार के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं। बुधवार को देर रात जंतर-मंतर पहुंचे शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी पहुंचे और सरकार को घेरा। उद्धव ने आरोप लगाया कि ये सरकार छात्रों का भला नहीं चाहती। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि वो तब तक प्रदर्शन करेंगे जबतक सरकार छात्रों की मांगे नहीं मान लेती। दूसरी ओर सरकार कह रही है कि वह मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है लेकिन विपक्ष सिर्फ लोगों को गुमराह कर रहा है।

ये भी पढ़ें- 'यह असहमति नहीं, अराजकता की राजनीति है', बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का राहुल गांधी पर हमला

'छात्रों को राजनीतिक हथियार के तौर पर बेशर्मी से इस्तेमाल कर रहे राहुल गांधी', कांग्रेस सांसद पर भड़के धर्मेंद्र प्रधान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत