1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पत्नी को उसके दोस्त के साथ देख भड़का पति, नंगा करके शख्स को सड़कों पर घुमाया, Video आया सामने

पत्नी को उसके दोस्त के साथ देख भड़का पति, नंगा करके शख्स को सड़कों पर घुमाया, Video आया सामने

ओडिशा के पुरी जिले में महिला शिक्षक और उसके दोस्त को पति ने सड़क पर पीटा है। पति ने महिला के पुरुष मित्र के कपड़े उतरवा दिए और दोनों को माला पहनाकर सड़कों पर घुमाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

odisha puri women his friedn beaten- India TV Hindi
Image Source : REPORTER महिला और उसके दोस्त की पिटाई।

ओडिशा के पुरी जिले से एक बड़ी ही शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला शिक्षक को उसके पति और कुछ लोगों ने न सिर्फ पीटा बल्कि उसे माला पहनाकर सरेआम सड़कों पर घुमाया। इतना ही नहीं, महिला के साथ मौजूद एक छात्र नेता को भी सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया गया और उसके कपड़े उतार कर महिला के साथ घुमाया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला को उसका पति मार रहा है, गालियां दे रहा है और भीड़ खड़ी होकर तमाशा देख रही है। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे हैं, लेकिन कोई बीच-बचाव नहीं कर रहा।

क्या है पूरा विवाद?

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला एक शिक्षक है और अपने पति से अलग रह रही थी। उसका पति एक कॉलेज में लेक्चरर है और दोनों के बीच पहले से ही वैवाहिक विवाद चल रहा था। महिला निमा-पड़ा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से संबंध है। इसी शक के चलते मंगलवार देर रात वह कुछ लोगों को साथ लेकर अचानक महिला के घर पहुंच गया। वहां उसने कथित तौर पर महिला को एक छात्र नेता के साथ देखा। इसके बाद पति ने अपना आपा खो दिया। उसने महिला और उसके साथ मौजूद छात्र नेता को जबरन घर से बाहर घसीटकर निकाला, गालियां दी,कपड़े उतारे, पीटा और फिर दोनों को जबरन सड़क पर ले जाकर घुमाया। महिला को अपमानित करने के लिए उसे माला पहनाई गई। भीड़ चुपचाप तमाशा देखती रही। घटना के वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई है। पुरी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। महिला के पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

समाज की सोच पर भी बड़ा सवाल

यह घटना सिर्फ एक महिला की बेइज्जती नहीं है, बल्कि हमारे समाज की सोच पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। जहां महिलाएं अपने जीवन के फैसले लेने की कोशिश कर रही हैं, वहीं ऐसी घटनाएं उनकी आज़ादी पर हमला करती हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि जब एक महिला को सरेआम पीटा जा रहा था, तब कोई मदद करने नहीं आया। अब देखना यह है कि पुलिस जांच के बाद दोषियों को क्या सजा मिलती है और क्या इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समाज कोई सबक लेगा या फिर अगली वायरल वीडियो का इंतजार करेगा? (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- दातून करते वक्त खाने की नली में फंस गई लकड़ी, 7 दिन तक भूखे रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग, ऑपरेशन के बाद ली राहत की सांस

72 लाख कैश, 7 लग्जरी गाड़ियां, अधिकारियों के भी उड़े होश; गोवा में 1200 करोड़ के जमीन घोटाले का खुलासा

Latest India News