1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कीचड़ में फंसकर पलटते-पलटते बची स्कूल बस, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं थे सवार, सामने आया डराने वाला Video

कीचड़ में फंसकर पलटते-पलटते बची स्कूल बस, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं थे सवार, सामने आया डराने वाला Video

ओडिशा के झारसुगुड़ा में एक स्कूल बस कीचड़ में फंसकर पलटते-पलटते बच गई। जब ये घटना हुई तब बस के अंदर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सवार थे। इस घटना का डराने वाला Video सामने आया है।

odisha Jharsuguda bus stuck in mud- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कीचड़ में फंसी स्कूल की बस।

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। लखनपुर ब्लॉक में ओडिशा आदर्श विद्यालय की एक स्कूल बस बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। जिस वक्त ये घटना हुई तह बस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सवार थे। सामने आई जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक कलवर्ट का निर्माण कार्य चल रहा था। बारिश की वजह से मुख्य सड़क बंद होने के कारण बस को एक अस्थायी मिट्टी के बाइपास रास्ते से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बस के पहिए कीचड़ में धंस गए और बस के पलटने की स्थिति बन गई।

अफरा-तफरी का माहौल बन गया

जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश की वजह से अस्थायी रास्ता भी पूरी तरह कीचड़ में बदल चुका था। जैसे ही बस इस रास्ते से गुजर रही थी, अचानक उसके पहिए गहरे कीचड़ में धंस गए। इससे बस बीच रास्ते में फंस गई और धीरे धीरे पलटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।

चालक ने दिखाई समझदारी

बताया जा रहा है कि बस के चालक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत बस रोक दी। चालक की सतर्कता के कारण बस किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। बस के फंसते ही अंदर बैठे छोटे-छोटे बच्चे घबरा गए। स्थिति को देखते हुए सभी छात्र-छात्राओं को तुरंत बस से सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान बच्चों में डर और घबराहट साफ दिखाई दी।

घटना का वीडियो सामने आया

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूल बस कीचड़ में फंसी हुई नजर आ रही है। वहीं, छात्र-छात्राएं बस से उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करता है। खासकर तब, जब निर्माण कार्य के दौरान स्कूल बसों को अस्थायी और बारिश से प्रभावित रास्तों से गुजरना पड़ रहा हो। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बस रोक दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी छात्र-छात्राएं सुरक्षित बच गए। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- ओडिशा में समुद्र में समा गया पक्का मकान, सामने आया VIDEO

जब जान पर खेल कर सिर्फ 5 बच्चों को पोलियो की दवा देने पहुंची आशा दीदी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, देखें Video

Latest India News