A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पहलगाम हमले के बाद गोवा के 50 से ज्यादा टूरिस्ट जम्मू-कश्मीर में फंसे, वापस लाने की कोशिशें जारी

पहलगाम हमले के बाद गोवा के 50 से ज्यादा टूरिस्ट जम्मू-कश्मीर में फंसे, वापस लाने की कोशिशें जारी

गोवा के टूर ऑपरेटर जम्मू-कश्मीर से सभी पर्यटकों को वापस लाने की योजना पर काम कर रहे हैं। एक टूर ऑपरेटर ने बताया कि कुछ पर्यटक भोजन के बाद 'बैसरन पॉइंट' जाने वाले थे, जहां यह हमला हुआ।

Tourist in kashmir- India TV Hindi
Image Source : AP पहलगाम हमले के बाद अपने प्रियजनों से संपर्क करते हुए टूरिस्ट।

पणजी: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गोवा के 50 से अधिक पर्यटक श्रीनगर के होटलों में फंसे हुए हैं। हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें वापस लाने की कोशिशें जारी हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। गोवा सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि आंतकी हमले के बाद सभी आगंतुकों को पहलगाम और अन्य स्थानों से श्रीनगर के होटलों में ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि गोवा के 50 से अधिक लोग फिलहाल जम्मू-कश्मीर में हैं और सभी सुरक्षित हैं तथा उन्हें वापस लाने के प्रयास जारी हैं।

'बैसरन पॉइंट' जाने वाले थे टूरिस्ट

गोवा के टूर ऑपरेटर भी जम्मू-कश्मीर से सभी पर्यटकों को वापस लाने की योजना पर काम कर रहे हैं। एक टूर ऑपरेटर ने बताया कि कुछ पर्यटक भोजन के बाद 'बैसरन पॉइंट' जाने वाले थे, जहां यह हमला हुआ। पणजी में टूर कंपनी गोवा एडवेंचर क्लब के सह-संस्थापक अहराज मुल्ला ने बताया, "जब यह हमला हुआ, तब गोवा के लोगों का एक ग्रुप पहलगाम बाजार में था, जबकि दूसरा ग्रुप सोनमर्ग में था। सभी को श्रीनगर के एक होटल में वापस बुला लिया गया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित हैं।"

मोदी सरकार जल्द ले सकती है बड़ा फैसला

देश पहलगाम में मारे गए 26 मौत का बदला मांग रहा है। मोदी सरकार से आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ बड़े एक्शन की मांग की जा रही है। शहर-शहर प्रदर्शन हो रहे हैं। मोदी सरकार काउंटर अटैक के लिए जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकती है।

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज

इस बीच सबसे पहले उन आतंकियों के खात्मे पर फोकस है जिन्होंने पहलगाम में 26 लोगों को गोलियों से भून दिया। पहलगाम में आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन और तेज हो गया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात हैं और आतंकियों की तलाश हो रही है। आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है।

यह भी पढ़ें-

Latest India News