Pahalgam terror attack: पहलगाम हमले के बाद पहली सर्वदलीय बैठक, सभी खुफिया एजेंसियों के चीफ भी मौजूद
पहलगाम घाटी में पर्यटकों पर हुए हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत सरकार ने पांच बड़े कदम उठाए हैं। इनमें सिंधु जल समझौते को रद्द करना और पाकिस्तानी नागरिकों को भारत से बाहर जाने का आदेश देना भी शामिल है।

जम्मू कश्मीर की पहलगाम घाटी पर आतंकी हमले के बाद भारत ने कई अहम फैसले लिए हैं। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। भारत सरकार ने इस हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच बड़े फैसले लिए हैं। भारत ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के लिए कहा है। इसके साथ ही अटारी बॉर्डर बंद कर दिया गया है और सिंधु जल समझौता रद्द कर दिया गया है। पाकिस्तान नागरिकों का वीजा बंद कर दिया गया है और उच्चायोग में कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 कर दी जाएगी। आइए, जानें इस मुद्दे से जुड़े सभी बड़े अपडेट्स:
Live updates : Pahalgam Terror Attack
-
April 24, 2025 8:34 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
सर्वदलीय बैठक के बाद क्या बोले राहुल गांधी
केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'सभी ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। विपक्ष ने सरकार को कोई भी कार्रवाई करने के लिए पूरा समर्थन दिया है।'
-
April 24, 2025 7:58 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
VHP कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
April 24, 2025 7:30 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
इस त्रासदी से हम सभी निशब्द हैं: रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने हरियाणा के करनाल में पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, 'इस त्रासदी से हम सभी निशब्द हैं। इस आतंकी हमले की जितनी निंदा की जाए वह कम है। राहुल गांधी ने कहा है कि हम अटल और अटूट तरीके से सरकार और देश के साथ खड़े हैं।'
-
April 24, 2025 7:01 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'हिंदू और मुसलमान आतंकवादियों के खिलाफ एकजुट हैं'
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, 'पूरा देश और जम्मू-कश्मीर के लोग उन लोगों के समर्थन में खड़े हैं, जिन्होंने पहलगाम हमले में अपने प्रियजनों को खो दिया है। जम्मू-कश्मीर के सभी हिंदू और मुसलमान आतंकवादियों के खिलाफ एकजुट हैं।'
-
April 24, 2025 6:34 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
सर्वदलीय बैठक में रखा गया 2 मिनट का मौन
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों की स्मृति में केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के दौरान 2 मिनट का मौन रखा गया।
-
April 24, 2025 6:10 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पहलगाम हमले के बाद पहली सर्वदलीय बैठक
पहलगाम हमले के बाद पहली सर्वदलीय बैठक शुरू होने वाली है, जिसमें देश की सुरक्षा स्थिति को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को ब्रीफ किया जाएगा। इस अहम बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक में सभी खुफिया एजेंसियों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।
-
April 24, 2025 6:02 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पहलगाम आतंकी हमले पर सर्वदलीय बैठक, कई बड़े नेता पहुंचे
पहलगाम आतंकी हमले पर संसद भवन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हो रही है। इसमें भाग लेने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं कई अन्य नेता पहुंचे हुए हैं।
-
April 24, 2025 5:27 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
राष्ट्रपति मुर्मू से मिले शाह और जयशंकर
गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें पहलगाम आतंकी हमलों के बारे में जानकारी दी।
-
April 24, 2025 5:25 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
शुक्रवार को श्रीनगर जाएंगे जनरल उपेन्द्र द्विवेदी
आर्मी चीफ जनरल उपेन्द्र द्विवेदी शुक्रवार सुबह श्रीनगर पहुंचेंगे। वह हाई लेवल सिक्योरिटी मीटिंग करेंगे और फिर पहलगाम हमले के स्पॉट पर जाएंगे। उनके साथ 15 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव और विक्टर फ़ोर्स कमांडर मेजर जनरल जोशी भी होंगे। मीटिंग में LoC से लेकर प्रस्तावित सुरक्षा फैसलों तक पर चर्चा होगी।
-
April 24, 2025 5:17 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
यह कोई सामान्य घटना नहीं है: संजय सिंह
पहलगाम आतंकी हमले पर AAP नेता संजय सिंह ने कहा, 'यह कोई सामान्य घटना नहीं है। यह कश्मीर के इतिहास में सबसे बड़ी घटना है, जहां इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों को मारा गया। देश के लोगों की एक ही मांग है कि आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाए। हमें इन आतंकवादियों को बर्बाद कर देना चाहिए। इस मामले में सरकार कार्रवाई करे और कदम उठाए।' (ANI)
-
April 24, 2025 5:14 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
भारत की कार्रवाई से बौखलाया पाकिस्तान
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कड़ा एक्शन लिया है और सिंधु जल समझौता निलंबित कर दिया है। इसके जवाब में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई और कहा कि सिंधु जल समझौते पर भारत की कार्रवाई को जंग जैसा कदम माना जाएगा। पाकिस्तान ने 30 अप्रैल तक सभी भारतीयों को देश से बाहर निकल जाने को भी कहा है। भारतीय विमानों के लिए उसने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है और वाघा बॉर्डर से आवाजाही पर रोक लगा दी है।
-
April 24, 2025 5:10 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'किसी को बख्शा नहीं जाएगा'
पहलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा के करनाल में कहा, 'हमें विश्वास है कि देश जवाब देगा, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में आज पूरा देश एकजुट है और विपक्ष के सांसद होने के नाते मैं कहना चाहता हूं कि पूरा देश सरकार के साथ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष से बड़ा देश है। ये हमला केवल किसी व्यक्ति पर नहीं था ये हमला देश पर था। गोलियां देश की छाती पर चली है। इसका जवाब देना हिंदुस्तान जानता है। सही जवाब दिया जाएगा।'
-
April 24, 2025 4:36 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अमित शाह की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करने के लिए नॉर्थ ब्लॉक से रवाना हुए। (ANI)
-
April 24, 2025 4:11 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'यह एक बुरा सपना होना चाहिए'
कर्नाटक में पीड़ित मंजूनाथ राव की पत्नी पल्लवी मंजूनाथ ने कहा, 'यह एक बुरा सपना होना चाहिए, मुझे इससे जाग जाना चाहिए। ऐसा किसी भी परिवार के साथ नहीं होना चाहिए। वे केवल पुरुषों को निशाना बना रहे थे।' (ANI)
-
April 24, 2025 3:35 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'आतंकवादियों ने हिंदुओं की पहचान की और उन्हें मार डाला'
पहलगाम आतंकी हमले पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'हम यह नहीं कह रहे हैं कि लोगों की पहचान की गई और उन्हें मार दिया गया, पीड़ित खुद ऐसा कह रहे हैं। उन्होंने (आतंकवादियों ने) हिंदुओं की पहचान की और उन्हें मार डाला।' (ANI)
-
April 24, 2025 3:34 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
श्रीनगर से विशेष उड़ान में मुंबई के लिए रवाना हुए पर्यटक
पहलगाम आतंकी हमला | जम्मू-कश्मीर: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा महाराष्ट्र के पर्यटकों के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था कर यात्रियों को श्रीनगर से मुंबई के लिए रवाना किया गया।
-
April 24, 2025 2:49 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी के संदेश से डरा पाकिस्तान
पीएम मोदी के संदेश के बाद पाकिस्तान डरा हुआ महसूस कर रहा है। पाकिस्तानी वायुसेना हाईअलर्ट पर है और अरब सागर में नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। इस बीच भारत ने स्वदेशी निर्देशित मिसाइल विध्वंसक, आईएनएस सूरत का सफल परीक्षण कर अपनी सुरक्षा और मजबूत की है।
-
April 24, 2025 2:28 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पहलगाम हमले पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस पार्टी पहलगाम हमले पर दुख जाहिर करते हुए पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। इसके साथ ही पहलगाम की सुरक्षा में चूक को लेकर जांच की मांग की और बीजेपी पर विभाजन फैलाने के आरोप लगाए।
-
April 24, 2025 2:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ओवैसी बोले- आतंकियों के आका बर्बाद होंगे
असदुद्दीन ओवैसी ने पहलगाम हमले पर कहा "आतंकवादी ने जो बर्बरियत किया है, उसकी जितना भी निंदा करें कम है। उनके ऊपर जो लोग बैठे हैं, वो भी बर्बाद होंगे। ऑल पार्टी मीटिंग में आने के लिए कहा गया है। कोशिश करेंगे पहुंचने की। ऐसा नहीं है कि पहली बार यहां अटैक हुआ हो? ये बॉर्डर कैसे क्रॉस करके आए? अकाउंटिबिलिटी फिक्स होनी चाहिए। बदला तब होगा जब अकाउंटबिल और दहशतगर्द को सजा मिलेगी।"
-
April 24, 2025 2:04 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पाकिस्तानी अभिनेता की फिल्म पर रोक
पहलगाम हमले के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की फिल्म अबीर गुलाल पर रोक लगा दी है।
-
April 24, 2025 1:35 PM (IST) Posted by Shakti Singh
आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को पीएम मोदी का संदेश
बिहार के मधुबनी में पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को संदेश देते हुए कहा कि भारत किसी को छोड़ेगा नहीं। पहलगाम में मासूम लोगों पर हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को चुन-चुन कर सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मानवता के साथ रहने वाला हर इंसान भारत के साथ है।
-
April 24, 2025 12:39 PM (IST) Posted by Shakti Singh
मधुबनी में पीएम मोदी ने पहलगाम पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी में 13,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करने के लिए कुछ पल का मौन रखा और कश्मीर के पहलगाम में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अपनी बात शुरू की।
-
April 24, 2025 12:29 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नीतीश कुमार ने हमले की आलोचना की
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा मधुबनी में कहा "हम पहलगाम हमले की निंदा करते हैं, पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है।"
-
April 24, 2025 12:23 PM (IST) Posted by Shakti Singh
उधमपुर में तीन आतंकी घिरे
उधमपुर में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को घेर लिया है। शुरुआत में दो आतंकियों के देखे जाने की खबर थी। इसके बाद मुठभेड़ शुरु हुई, जिसमें एक जवान शहीद हो गया। अब सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को घेर लिया है।
-
April 24, 2025 12:16 PM (IST) Posted by Shakti Singh
आतंकी परिणाम भुगतेंगे-सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कानपुर पहुंचे। यहां वह शुभम द्विवेदी के घर गए, जो पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए थे। यहां शुभम को श्रद्धांजलि देने के बाद योगी आदित्यनाथ ने उनके परिजनों को ढाढ़स बंधाया और पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आतंकियों ने मां-बहनों के सामने उनका सिंदूर उजाड़ दिया। अब वह इसका परिणाम भुगतेंगे।
-
April 24, 2025 11:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
सिंधु जल समझौता निलंबित होने के बाद जल शक्ति मंत्री करेंगे बैठक
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कठोर कदम उठाए हैं। सिंधु जल समझौते को रद्द करना भी इसमें शामिल है। इस समझौते के रद्द होने के बाद केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने आज मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठ करने का फैसला किया है। इस बैठक में सिंधु नदी के पानी को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
-
April 24, 2025 11:27 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन
पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर कुछ लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इन सभी लोगों को पुलिस ने पाकिस्तान हाई कमिशन जाने के रास्ते पर ही रोक लिया था। ऐसे में ये लोग रास्ते में ही प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 से 15 लोग दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से यहां पर पहलगाम घटना के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे हैं।
-
April 24, 2025 11:23 AM (IST) Posted by Shakti Singh
वापस लौट रहे पाकिस्तानी नागरिक
भारत द्वारा एसवीईएस वीजा के तहत भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे की समय सीमा घोषित करने के बाद, एक पाकिस्तानी नागरिक परिवार सहित अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से अपने देश के लिए रवाना हुआ। वहीं, एक भारतीय नागरिक शैतान सिंह, जिसे आज शादी के लिए पाकिस्तान जाना था, वह पाकिस्तान नहीं जा पाया और उसकी शादी फिलहाल रुक गई है।
-
April 24, 2025 10:58 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पाकिस्तान हाई कमिशन के बाहर की पुलिस सुरक्षा हटाई
दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमिशन के बाहर की पुलिस सुरक्षा हटा ली गई है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान हाई कमिशन के बाहर दिल्ली पुलिस ने तीन लेयर की सुरक्षा बढ़ाई थी। हालांकि, गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर के सभी बैरिकेट्स को हटा दिया है।
-
April 24, 2025 10:54 AM (IST) Posted by Shakti Singh
दिल्ली में गृह मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय में एक उच्च स्तरीय बैठक चल रही है, जिसमें गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक और रॉ के प्रमुख मौजूद हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की तरफ से यह जानकारी दी गई है। पहलगाम हमले के बाद रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारी कई बैठक कर चुके हैं। खबरों के अनुसार पहलगाम हमले में दो विदेशी आतंकी और दो भारतीय मूल के आतंकी शामिल थे।
-
April 24, 2025 10:45 AM (IST) Posted by Shakti Singh
उधमपुर मुठभेड़ में एक जवान शहीद
उधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया है। आतंकी पहाड़ की चोटी वाले इलाके में घने जंगलों में छिपे हुए हैं। भारतीय सेना, पैरा और जेकेपी की संयुक्त टीम इस मुठभेड़ में शामिल है।
-
April 24, 2025 10:32 AM (IST) Posted by Shakti Singh
भारत में रोका गया पाकिस्तानी सरकार का एक्स अकाउंट
भारत में पाकिस्तानी सरकार का एक्स अकाउंट रोक दिया गया है। एक्स की तरफ से बताया जा रहा है कि कानूनी कार्रवाई की मांग के बाद ऐसा किया गया है।
-
April 24, 2025 10:20 AM (IST) Posted by Shakti Singh
आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की शुरुआत
उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुभम के परिवार से मुलाकात की। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शुभम की मौत हो गई थी। शुभम अपने परिवार के साथ छुट्टी मनाने गए थे। आज शुभम का अंतिम संस्कार हो रहा है, जिसमें योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए और वादा किया कि आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोकने की शुरुआत सीईसी की बैठक में हो चुकी है।
-
April 24, 2025 10:13 AM (IST) Posted by Shakti Singh
शाम 6 बजे होगी ऑल पार्टी मीटिंग
पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को लेकर सरकार ने शाम 6 बजे ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई है। हालांकि, पीएम मोदी के कार्यक्रम के चलते जेडीयू नेताओं ने इस मीटिंग में शामिल होने में असमर्थता जताई है, लेकिन सरकार के फैसले पर पूर्ण ,सहमति जाहिर की है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह हमले के बारे में जानकारी देंगे।
-
April 24, 2025 9:55 AM (IST) Posted by Shakti Singh
उधमपुर में मुठभेड़ जारी
डुडु बसनतगढ़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। भारतीय सेना के अनुसार यह जंगल क्षेत्र भारतीय सेना की 9वीं और 16वीं कोर की सीमा पर स्थित है और प्राकृतिक गुफाओं और आतंकवादियों के लिए छिपने की जगह से भरा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार 2 आतंकवादी देखे गए, जिन्होंने जवानों पर गोली चलाई। भारतीय सेना, पैरा और जेकेपी ने जवाब दिया और गोलीबारी की। पहाड़ी क्षेत्र की चोटी का यह इलाका उधमपुर सामान्य क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फिलहाल मुठभेड़ जारी है।
-
April 24, 2025 9:23 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पहलगाम हमले के बाद पहली बार जनता के बीच जाएंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी पहलगाम हमले के बाद पहली बार जनता के बीच जा रहे हैं। वह आज बिहार के मधुबनी में 13,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह जनता को संबोधित भी करेंगे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री कोई अहम बात कह सकते हैं।
-
April 24, 2025 8:36 AM (IST) Posted by Shakti Singh
जम्मू कश्मीर में सेना का सर्च ऑपरेशन जारी
भारतीय सेना ने आतंकवादियों को पकड़ने के लिए पुंछ के लसाना वन क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया है। पहलगाम में पर्यटकों पर हमला कर कम से कम 26 लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद आतंकी फरार हो गए थे।
-
April 24, 2025 8:35 AM (IST) Posted by Shakti Singh
कर्मचारियों को घर से काम करने के आदेश
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में पीएम पैकेज के तहत कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से 27 अप्रैल तक घर से काम करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर सभी कर्मचारियों को ऑफिस न आने के लिए कहा हैा
-
April 24, 2025 8:24 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पाकिस्तान का गला काटे भारत-पूर्व पेंटागन अधिकारी
पूर्व पेंटागन अधिकारी माइकल रुबिन ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने कश्मीर को पाकिस्तान के गले की नस बताया था। अब भारत को पाकिस्तान का गला काट देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब पाकिस्तान को आतंकवाद प्रयोजित देश और असीम मुनीर को आतंकी घोषित करे।
-
April 24, 2025 7:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सैनिक को पुष्पांजलि
अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले के जीरो के रहने वाले भारतीय वायुसेना के कॉर्पोरल तागे हैलियांग का पार्थिव शरीर गुवाहाटी एयरपोर्ट पर लाया गया। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में अपनी जान गंवा दी थी। असम के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ और गुवाहाटी शहर के पुलिस आयुक्त डॉ पार्थ सारथी महंत ने गुवाहाटी हवाई अड्डे पर सैनिक को पुष्पांजलि अर्पित की।
-
April 24, 2025 7:25 AM (IST) Posted by Shakti Singh
कनाडा के हमले ने की आतंकी हमले की आलोचना
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 'एक्स' पर लिखा, "मैं जम्मू और कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले से भयभीत हूं, यह हिंसा का एक मूर्खतापूर्ण और चौंकाने वाला कृत्य है, जिसमें निर्दोष नागरिक और पर्यटक मारे गए और घायल हुए हैं। कनाडा इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है। हम पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
-
April 24, 2025 6:55 AM (IST) Posted by Shakti Singh
कर्नाटक: तीनों पीड़ितों को पार्थिव शरीर बेंगलुरू पहुंचे
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कर्नाटक के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय, स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार के साथ समन्वय कर हमने सुनिश्चित किया है कि शव और जीवित बचे परिवार के सदस्य सुरक्षित रूप से बेंगलुरु पहुंचें। मैं खुद श्रीनगर से बेंगलुरु तक परिवार के सभी सदस्यों के साथ गया था। भारत भूषण का एक 3 साल का बेटा है, जो यह भी नहीं समझता कि मौत का क्या मतलब है। मंजूनाथ के बेटे ने अभी-अभी अपनी 12वीं की परीक्षा में 96% अंक प्राप्त किए हैं। उसने मुझे बताया कि यह उसके पिता की परिवार के साथ पहली और आखिरी उड़ान थी। उनकी असाधारण रूप से मजबूत मां ने जो जैकेट पहनी हुई है उस पर खून के धब्बे हैं, और उन्होंने कहा कि वह इसे साफ नहीं करेंगी, क्योंकि यह उनके पति की आखिरी याद है।"
-
April 24, 2025 6:48 AM (IST) Posted by Shakti Singh
आंध्र प्रदेश सीएम ने 10 लाख के मुआवजे का ऐलान किया
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। पहलगाम में मारे गए 26 लोगों में आंध्र प्रदेश के दो निवासी, एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी, जेएस चंद्रमौली और एक आईटी पेशेवर, कावली के मधुसूदन शामिल थे।
-
April 24, 2025 6:44 AM (IST) Posted by Shakti Singh
पाड़ित परिवारों के साथ बेंगलुरू पहुंचे तेजस्वी सूर्या
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए बेंगलुरु के भारत भूषण और शिवमोगा के मंजूनाथ राव के पार्थिव शरीर बेंगलुरु लाए गए। केंद्रीय मंत्री वीरन्ना सोमन्ना और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा सांसद तेजस्वी श्रीनगर में थे और पीड़ित परिवारों के साथ बेंगलुरु आए।
-
April 24, 2025 6:39 AM (IST) Posted by Shakti Singh
आतंकी हमले के पीड़ितों को पुष्पांजलि
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए संतोष जगदाले और कौस्तुभ गणबोटे के पार्थिव शरीर को पुणे लाया गया। नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री (एमओएस) मुरलीधर मोहोल, महाराष्ट्र के मंत्री दत्तात्रेय भारने और माधुरी मिसाल ने पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित की।