1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में ड्रोन से हथियारों की खेप गिराने की साजिश नाकाम, सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क की पड़ताल में जुटी

भारत में ड्रोन से हथियारों की खेप गिराने की साजिश नाकाम, सुरक्षा एजेंसियां नेटवर्क की पड़ताल में जुटी

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रावला बॉर्डर पर ड्रोन से हथियारों की खेप गिराने की साजिश नाकाम कर दी गई है। खानुवाली पोस्ट के पास तीन पैकेट बरामद गए हैं जिनमें दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 650 कारतूस मिले हैं। वहीं, विस्फोटक सामग्री की जांच जारी है।

Rajasthan sriganganagar weapons drop by drone- India TV Hindi
Image Source : REPORTER भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन से भेजे गए हथियार।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर श्रीगंगानगर जिले के रावला क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियार और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री भेजने की साजिश का खुलासा हुआ है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), बीएसएफ, राजस्थान पुलिस, सीआईडी और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से संचालित संभावित नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।

दो युवकों को पकड़ा गया

ANTF के आईजी विकास कुमार के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां पिछले करीब एक महीने से संदिग्ध नेटवर्क पर निगरानी रख रही थीं। इसी दौरान रावला क्षेत्र में खानुवाली पोस्ट के पास ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिराए जाने का मामला सामने आया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे बीएसएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों की पहचान लखविंदर सिंह (19), निवासी फिरोजपुर और सुखविंदर सिंह (19), निवासी जालंधर के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में सक्रिय बताए गए हैं।

मौके से तीन पैकेट बरामद

सुरक्षाबलों की टीम ने श्रीगंगानगर में मौके से तीन पैकेट बरामद किए हैं। इन पैकेट में दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 650 कारतूस मिले हैं। पिस्टलों पर ‘मेड इन तुर्की’ लिखे होने की जानकारी सामने आई है। तीसरे पैकेट में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की बात भी कही जा रही है। इसमें आरडीएक्स होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। बता दें कि इससे पहले जम्मू पुलिस ने भी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रहे नशीले पदार्थ के मॉड्यूल का खुलासा किया था। इस दौरान हथियार भी बरामद किए गए थे।

बम निरोधक दस्ता मौके पर

श्रीगंगानगर जिले के रावला क्षेत्र में ड्रोन से गिराए गए हथियारों के पैकेट मिलने के बाद मौके पर बीकानेर से बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। जांच एजेंसियां बरामद सामग्री की प्रकृति, रिमोट उपकरणों की संभावित भूमिका और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही हैं। अभी सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा हथियारों की खेप के संभावित इस्तेमाल का पता लगाना है।

ये भी पढ़ें- भारत ने चीन को दे दिया सीधा जवाब, कहा- 'लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा, ये तथ्य नहीं बदल सकता'

भारतीय सेना को मिली बड़ी ताकत, सोलर डिफेंस ने 450 नागास्त्र-1R घातक ड्रोन की सबसे बड़ी खेप सौंपी

Latest India News