1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत ने चीन को दे दिया सीधा जवाब, कहा- 'लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा, ये तथ्य नहीं बदल सकता'

भारत ने चीन को दे दिया सीधा जवाब, कहा- 'लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा, ये तथ्य नहीं बदल सकता'

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 13, 2026 05:17 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 05:37 pm IST

भारत ने हाल ही में लद्दाख में जगहों के स्टैंडर्ड नाम घोषित किए थे। इस फैसले पर चीन ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, अब भारत ने चीन की आपत्ति को खारिज कर दिया है और सीधा जवाब दिया है कि लद्दाख हमारा अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है।

india replied to china on ladakh issue- India TV Hindi
लदाख के मुद्दे पर भारत ने चीन को दिया जवाब। Image Source : PTI

भारत ने लद्दाख के मुद्दे पर एक बार फिर से चीन को सीधा जवाब दिया है। बता दें कि चीन की ओर से हाल ही में लद्दाख को लेकर बयान जारी किया गया था और क्षेत्र के 28 रणनीतिक स्थानों के नाम तय करने के कदम पर विरोध जताया था। अब भारत ने भी चीन को इस मुद्दे पर जवाब दिया है और साफ तौर पर कहा है कि लद्दाख भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और चीन के इनकार से ये तथ्य नहीं बदल सकता। आइए जानते हैं कि भारत सरकार ने इस बारे में और क्या कुछ कहा है।

चीन ने क्या दावा किया था?

दरअसल, चीन ने मंगलवार को भारत द्वारा लद्दाख में 28 क्षेत्रों के नाम तय करने के फैसले पर विरोध जताया था और कहा था कि ये इलाके उसके हैं। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था- "चीन ने भारत की ओर से एकतरफा और गैर-कानूनी ढंग से बनाए गए तथाकथित 'केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख' को कभी मान्यता नहीं दी है। यह कदम अवैध और अमान्य है। इससे इस तथ्य में कोई बदलाव नहीं हो सकता कि भारत-चीन सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में संबंधित इलाके हमेशा से चीन के रहे हैं।'' बता दें कि इससे पहले भारत ने तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन को भी कश्मीर के मुद्दे पर कड़ा जवाब दिया था। भारत सरकार ने कहा था कि कश्मीर मुद्दे पर किसी बाहरी पक्ष का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है।

भारत ने चीन को क्या जवाब दिया?

लद्दाख पर चीन की ओर से आई टिप्पणी पर सीधा जवाब देते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- "इस बात को फिर से दोहरााया जाता है कि केंद्र-शासित प्रदेश लद्दाख भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। यह स्थापित तथ्य है और ये चीनी पक्ष के इनकार करने से नहीं बदल जाएगा।" रणधीर जायसवाल ने आगे कहा- लद्दाख में स्थित 28 जगहों/विशेषताओं की पहचान 'सर्वे ऑफ इंडिया' के आधिकारिक नक्शे पर मानक नामों के साथ की गई है, और यह काम लद्दाख और स्थानीय हितधारकों के साथ सलाह-मशविरे के बाद किया गया है। लद्दाख के 'सर्वे ऑफ इंडिया' के नक्शे पर इन जगहों की औपचारिक रूप से पहचान करने का मकसद यह है कि लोग उन्हें सही ढंग से पहचान सकें और आम जनता में इनके बारे में बेहतर जानकारी हो।"

ये भी पढ़ें- 'भारत किसी भी प्रमुख शक्ति के लिए चीन की तरह खतरा नहीं है...', सिंगापुर के पूर्व विदेश मंत्री का बयान हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।