राकेश टिकैत ने किया बिहार में SIR का समर्थन, इस नेता को बताया किसानों के लिए नंबर 1 मुख्यमंत्री
भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बिहार में SIR का समर्थन किया है। उन्होंने ये भी बताया है कि किसानों के लिए नंबर 1 मुख्यमंत्री कौन है।
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू किए गए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर घमासान मचा हुआ है। विपक्षी दल बिहार से लेकर दिल्ली तक इसके विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने चुनाव आयोग के SIR की प्रक्रिया का समर्थन कर दिया है। टिकैत ने कहा है कि इस प्रक्रिया से जो बाहर से हैं उन्हें समस्या होगी।
क्या बोले राकेश टिकैत?
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक निजी कार्यक्रम से इतर बयान देते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन किया। उन्होंने मीडिया से कहा- “जो बाहर से हैं उन्हें समस्या होगी, जो वहां (बिहार) से हैं उन्हें कोई समस्या नहीं होगी।”
नंबर वन मुख्यमंत्री कौन?
राकेश टिकैत ने बसपा प्रमुख मायावती को किसानों के लिए नंबर वन मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने कहा- “मायावती किसानों के लिए ‘नंबर वन मुख्यमंत्री’ थीं। उन्होंने गन्ना किसानों के लिए बेहतर काम किया था। योगी आदित्यनाथ जी को भी किसानों के लिए बेहतर काम करके नंबर वन बनना चाहिए।”
क्या है SIR का मकसद?
निर्वाचन आयोग की ओर से बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले 24 जून को बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कराने का निर्देश जारी किया गया था। चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
SIR के विरोध पर चुनाव आयोग ने क्या कहा?
विपक्ष के लगातार विरोध पर चुनाव आयोग ने जवाब देते हुए कहा- "क्या चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाए और जिन लोगों की पहले मौत हो चुकी है, उन्हें वोट डालने दे? चुनाव आयोग ने ये भी पूछा कि क्या जो लोग बिहार से स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके हैं, उन्हें बिहार में वोटिंग का अधिकार मिलना चाहिए? क्या फर्जी वोटरों और घुसपैठियों को वोट डालने देना चाहिए? क्या जो लोग बिहार से बाहर शिफ्ट हो गए हैं, उन्हें दो-दो जगहों पर वोटिंग का अधिकार दिया जाए?
ये भी पढ़ें- क्या है 3,200 करोड़ रुपये का आंध्र प्रदेश शराब घोटाला? किन लोगों पर लगा है आरोप, 12 बक्सों में मिले 11 करोड़ रुपये
