रिलायंस और Rolls-Royce मिलकर बनाएंगे AMCA का इंजन, भारत के 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान को लेकर बड़ा अपडेट
भारत के 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिलायंस और Rolls-Royce साथ मिलकर भारत में AMCA विमान का इंजन तैयार करेंगे। दोनों कंपनियों ने पार्टनरशिप का ऐलान किया है।

भारत के 5वीं पीढ़ी के स्वदेशी फाइटर जेट एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट यानी AMCA को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और Rolls-Royce ने भारत के AMCA लड़ाकू विमान का इंजन बनाने के लिए पार्टनरशिप का ऐलान किया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, दोनों कंपनियां संयुक्त रूप से, AMCA विमान के इंजन का उत्पादन करेंगी। बता दें कि इस अपडेट के सामने आने के बाद AMCA के निर्माण की प्रक्रिया और प्रोडक्शन के तेज होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
सामने आई रिलायंस और रॉल्स-रॉयस की योजना
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और रॉल्स-रॉयस ने घोषणा की है कि वे AMCA के लिए एक स्वदेशी कॉम्बैट इंजन के डिज़ाइन, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और डिलीवरी में पार्टनरशिप करेंगे। जानकारी के अनुसार, इस पार्टनरशिप के तहत दोनों कंपनियां भारत में एक खास एयरोस्पेस गैस टर्बाइन कॉम्प्लेक्स की स्थापना करने की संभावनाओं पर विचार करने वाली हैं। इसे पावर और प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी के लिए एक 'सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस' के तौर पर विकसित करने का प्लान बनाया गया है। इसके माध्यम से रॉल्स-रॉयस की एडवांस्ड इंजन बनाने की स्पेशलिटी और रिलायंस की इंडस्ट्रियल और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को एक साथ लाने की कोशिश की जाएगी।
रिलायंस ने क्या जानकारी दी?
रिलायंस की ओर से जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई है कि "दोनों कंपनियों के बीच इस पार्टनरशिप से भारत में AMCA इंजन के ज्वाइंट डेवलपमेंट के लिए बेहतरीन मौका मिलेगा। इसकी मदद से दुनिया की एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल क्षमताएं एक साथ आएंगी।" आपको बता दें कि मई महीने में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने AMCA परियोजना के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी कर दिया था।
PM मोदी के विजन को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम- रिलायंस
रिलायंस ने जानकारी दी है कि इस कदम का मकसद भारत में एडवांस्ड प्रोपल्शन सिस्टम के डेवलपमेंट और प्रोडक्शन के लिए स्वदेशी क्षमता का विकास करना है। ये कदम महत्वपूर्ण माने जाने वाली डिफेंस टेक्नोलॉजी में ज्यादा आत्मनिर्भरता को हासिल करने के विजन के अनुरूप है। इसके साथ ही रिलायंस ने कहा है कि भारत के डिफेंस इकोसिस्टम के लिए देश के फाइटर जेट प्रोग्राम को पावर देने वाला स्वदेशी इंजन तैयार करने के पीएम मोदी के विजन को साकार करने की दिशा में भी एक कदम है।
अनंत अंबानी ने जारी किया बयान
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने इस मौके पर बयान जारी किया है। अनंत अंबानी ने कहा है- "भारत की रणनीतिक स्वायत्तता के लिए अहम टेक्नोलॉजी में खुद की क्षमताएं होना जरूरी है। हमारा मकसद रॉल्स-रॉयस के साथ मिलकर एडवांस्ड प्रोपल्शन में उनकी दुनिया की बेहतरीन स्पेशलिटी को रिलायंस की टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग, स्केल और काम करने की क्षमताओं के साथ मिलाकर भारत में एक स्वदेशी एयरो-इंजन इकोसिस्टम को तैयार करना है। हम साथ मिलकर एक ऐसी मजबूत राष्ट्रीय क्षमता बनाना चाहते हैं जो भारत को आत्मनिर्भर बना सके और समय के साथ एडवांस्ड प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी के मामले में दुनिया भर में मुकाबला करने लायक बना सके।"
Rolls-Royce के CEO ने दिया बयान
AMCA के इंजन के लिए रिलायंस के साथ पार्टनरशिप पर रोल्स-रॉयस PLC के सीईओ तुफान एर्गिनबिल्गिक ने कहा- "मैं रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ मिलकर काम करने के इस मौके का स्वागत करता हूं। इस पार्टनरशिप के तहत एडवांस्ड इंजीनियरिंग और इंजन के क्षेत्र में हमारी साबित हो चुकी पुरानी विरासत और विशेषज्ञता और भारतीय उद्योग में रिलायंस की घरेलू लीडरशिप को एक साथ लाया जाएगा।ये भारत में आत्मनिर्भर एयरोस्पेस इकोसिस्टम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इस योजना में एयरोस्पेस गैस टर्बाइन कॉम्प्लेक्स का टारगेट- डिजाइन, डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग, टेस्टिंग, प्रोडक्शन और पूरे लाइफ सपोर्ट जैसी क्षमताओं को भारत में ही विकसित करना होगा।