1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत, शराबबंदी के बावजूद हुई बड़ी घटना; जांच में जुटी पुलिस

नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत, शराबबंदी के बावजूद हुई बड़ी घटना; जांच में जुटी पुलिस

नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। यह घटना अलग-अलग जिलों में हुई है।

जहरीली शराब पीने से हुई मौत।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जहरीली शराब पीने से हुई मौत।

इस वक्त की बड़ी खबर नागालैंड से सामने आ रही है। यहां कथित तौर पर मिलावटी और जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद से गांव में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि ये घटनाएं अलग-अलग जिलों में हुई हैं। पुलिस के मुताबिक पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर अवैध शराब पीने से यह सभी मौतें हुई हैं। 

जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना के बाद से पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुट गई है। जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले पर सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि इन मौतों की जांच करने और मिलावटी शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

फोरेंसिंक जांच के लिए भेजे गए सैंपल

पुलिस ने बताया कि मौतों की वजह का पता लगाने के लिए सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं। पुलिस ने कहा, "हमें कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी उनके बारे में जानकारी देना जल्दबाजी होगी।" इन मौतों के बाद, पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की, 19 लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग 3,000 शराब की बोतलें ज़ब्त कीं।

सावधानी बरतने की अपील

इस मामले में, पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे ऐसी शराब न पिएं जिसकी पहचान न हो, जिस पर कोई लेबल न हो या जिस पर अवैध होने का शक हो। साथ ही, पुलिस ने यह भी कहा है कि शराब पीने के बाद अगर किसी को चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में दिक्कत या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो वे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बता दें कि नागालैंड में 1990 से ही शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद इस तरह की घटना होना प्रशासन के रवैये पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है। शराबबंदी के बावजूद इलाके में जहरीली शराब किस तरह से बेंची या पहुंचाई जा रही थी, यह जांच का विषय है। (इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

पानी के तेज बहाव में बह गया तेल टैंकर, चालक ने कूदकर बचाई जान; भारी बारिश ने मचाई तबाही

Latest India News