1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शिमला में रोडरेज पर बवाल, हरियाणा के परिवार ने HRTC ड्राइवर को पीटा, हड़ताल के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार

शिमला में रोडरेज पर बवाल, हरियाणा के परिवार ने HRTC ड्राइवर को पीटा, हड़ताल के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार

बस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया था। इसी को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट की। इससे नाराज बस ड्राइवरों ने हड़ताल कर दी। ऐसे में पुलिस ने चंद घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Shimla Bus- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मारपीट के आरोपी

हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने से उपजे विवाद के कारण सभी बसों के पहिए थम गए। बस ड्राइवरों ने हड़ताल कर दी और बड़े पैमाने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जब आरोपियों को गिरफ्तार किया तब हड़ताल खत्म हुई और बसों का संचालन दोबारा शुरू हुआ। घटना रविवार सुबह शिमला के घोड़ा चौकी में हुई। HRTC वाल्वो बस ने एक स्कॉर्पियो को ओवरटेक किया। इसी को लेकर हरियाणा से आए पर्यटकों ने बस ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि एक एचआरटीसी वोल्वो बस दिल्ली से शिमला की ओर आ रही थी। कच्चीघाटी क्षेत्र में पहुंचने पर बस ने एक एचआर नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया गया। इसी बात को लेकर स्कॉर्पियो में सवार कुछ व्यक्तियों ने बस को रुकवाया तथा बस चालक के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही शिमला पुलिस की टीम थाना बालूगंज से तुरंत मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 2 आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया।

हड़ताल के बाद गिरफ्तार हुए चारों आरोपी

घटना के बाद शिमला में HRTC बसों के पहिए थम गए। ड्राइवर-कंडक्टरों ने ओल्ड बस स्टेण्ड में की नारेबाजी करते हुए मारपीट करने वाले सभी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने पोलिंग पार्टियों को ले जाने वाली बसों के ड्राइवरो से भी बसें ना चलाने का आह्वान किया। पूरे प्रदेश में HRTC बसें बंद होने के हालात बनने लगे। ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि वह मार खाने के लिए नौकरी नहीं कर रहे हैं। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 12 बजे तक का समय दिया गया। ऐसा नहीं होने पर पूरे प्रदेश में बसों का संचालन बंद करने की बात कही गई। लगभग एक घंटे तक सभी बसें बंद भी रहीं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तब जाकर बसों का संचालन शुरू हुआ।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ बसों का संचालन

पुलिस ने बताया कि मारपीट के दो आरोपी ठियोग की तरफ फरार हो गये थे। इनको भी ठियोग पुलिस की टीम ने डिटेन करके थाना बालूगंज को सौंपा, जिनको पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगामी जांच जारी है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद HRTC कर्मचारी यूनियन ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार पुत्र शिव कुमार, विकास कुमार पुत्र विलक्षण राम, विक्की कुमार पुत्र शिव कुमार और प्रतिभा पत्नी विक्की कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी गांव अभयपुर और पंचकुला के रहने वाले हैं।

(शिमला से कपिल ठाकुर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: नदी में सीपियां इकट्ठा करते समय 7 महिलाओं समेत 8 की डूबने से मौत, 3 अभी भी लापता

'कुछ घंटों में दुनिया को मिलेगी अच्छी खबर', ईरान युद्ध पर मार्को रुबियो का दिल्ली में बड़ा बयान

 

 

Latest India News