1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लंदन में CM विजय का कार्यक्रम रद्द, द शार्ड के बाहर घंटों इंतजार करते रहे प्रशंसक

लंदन में CM विजय का कार्यक्रम रद्द, द शार्ड के बाहर घंटों इंतजार करते रहे प्रशंसक

विजय की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों समर्थक घंटों इंतजार करते रहे। विजय ब्रिटेन में तमिलनाडु में निवेश लाने के लिए सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

CM Vijay- India TV Hindi
Image Source : PTI तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय लंदन में राज्य के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में निवेश पर चर्चा के लिए हुई बैठक के दौरान अन्य अधिकारियों के साथ।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लंदन स्थित प्रतिष्ठित द शार्ड के पास प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम को मंगलवार को सुरक्षा कारणों के चलते रद्द कर दिया गया। पुलिस की ओर से भीड़ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने के बाद कार्यक्रम के लिए जरूरी अनुमति नहीं मिल सकी। विजय की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक द शार्ड के बाहर जुटे थे। कई प्रशंसक घंटों से उनका इंतजार कर रहे थे।

लाउडस्पीकर से दी गई कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी 

कार्यक्रम रद्द होने की घोषणा के बाद समर्थकों में निराशा देखने को मिली। कुछ लोग उनसे मिलने के लिए दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे थे और उन्होंने दिन का बड़ा हिस्सा कार्यक्रम स्थल के बाहर बिताया। विजय की टीम के एक सदस्य ने लाउडस्पीकर के जरिए समर्थकों को कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण आवश्यक अनुमति हासिल नहीं हो सकी। एक समर्थक ने PTI से बातचीत में कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फैसला उचित है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।

निवेश मिशन के तहत ब्रिटेन पहुंचे हैं विजय 

विजय इन दिनों ब्रिटेन के दौरे पर हैं और तमिलनाडु सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह दौरा राज्य में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित निवेश आउटरीच मिशन का हिस्सा है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, ब्रिटेन यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। 

12,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

इन समझौतों के तहत तमिलनाडु में करीब 12,300 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, इन निवेश प्रस्तावों से 9,400 से अधिक उच्च-मूल्य वाली नौकरियों के अवसर पैदा हो सकते हैं।

बुधवार को भारत लौटने की उम्मीद

सरकार का कहना है कि ये निवेश तमिलनाडु को एशिया में उन्नत विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मदद कर सकते हैं। विजय का ब्रिटेन दौरा बुधवार को समाप्त होने की उम्मीद है, जिसके बाद वह भारत लौटेंगे। बता दें कि सी. जोसेफ विजय ने 10 मई 2026 को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

Gurugram Hit And Run Case में खुलासा, टक्कर मारने से पहले कल्याण बैंसला ने सिया पर की थी अभद्र टिप्पणी

किशाऊ डैम पर अमित शाह ने सुलझाया बड़ा पेंच, 15 हजार करोड़ के इस प्रोजेक्ट से 6 राज्यों को कैसे फायदा होगा?

Latest India News