1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एक पल में करोड़पति बन गया टैक्सी ड्राइवर, 3 करोड़ की जीती लॉटरी; किस्मत ने दिया साथ

एक पल में करोड़पति बन गया टैक्सी ड्राइवर, 3 करोड़ की जीती लॉटरी; किस्मत ने दिया साथ

कांगड़ा का एक टैक्सी ड्राइवर अचानक ही करोड़पति बन गया। दरअसल, टैक्सी ड्राइवर सवारी छोड़ने पंजाब गया था, वहां से उसने लॉटरी खरीदी थी। टैक्सी ड्राइवर ने तीन करोड़ की लॉटरी जीती।

टैक्सी ड्राइवर ने जीती 3 करोड़ की लॉटरी।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT टैक्सी ड्राइवर ने जीती 3 करोड़ की लॉटरी।

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक साधारण टैक्सी चालक की जिंदगी भी एक पल में बदल गई, जब उसने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीत ली। जो व्यक्ति अब तक परिवार का खर्च चलाने के लिए दिन-रात मेहनत करता था और कई बार दिहाड़ी मजदूरी करने को मजबूर हो जाता था, वह आज करोड़पति बन चुका है। फतेहपुर तहसील के रहने वाले कल्याण चंद पिछले करीब 20 वर्षों से टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। हाल ही में वह एक सवारी को छोड़ने के लिए पंजाब के बठिंडा गए थे। काम खत्म होने के बाद उन्होंने 500-500 रुपये की दो लॉटरी टिकटें खरीद लीं। उन्हें क्या पता था कि यही दो टिकटें उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा बन जाएंगी।

किस्मत ने बनाया करोड़पति

जानकारी के मुताबिक 13 जून को कल्याण चंद मोबाइल पर लॉटरी का लाइव ड्रॉ देख रहे थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि इस बार भी किस्मत उनका साथ नहीं देगी, लेकिन जैसे-जैसे नंबर सामने आते गए, उनकी धड़कनें तेज होती गईं। अचानक उन्हें एहसास हुआ कि टिकट पर लिखे नंबर और ड्रॉ में निकले नंबर एक-दूसरे से मेल खा रहे हैं। कल्याण चंद ने बताया कि जब पूरा नंबर मैच हुआ तो कुछ पल के लिए उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास ही नहीं हुआ। वह हैरान और भावुक हो गए। खुशी से भरकर उन्होंने सबसे पहले अपनी पत्नी को फोन किया और यह खुशखबरी साझा की। जैसे ही परिवार को 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने की जानकारी मिली, घर में खुशी और जश्न का माहौल बन गया।

परिवार के भविष्य को मिली नई दिशा

संघर्ष से सफलता तक का सफर कल्याण चंद की मासिक आय मुश्किल से 15 से 16 हजार रुपये तक पहुंच पाती थी। बढ़ती महंगाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्हें कई बार अतिरिक्त कमाई के लिए मजदूरी भी करनी पड़ती थी। लेकिन अब इस बड़ी जीत ने उनके और उनके परिवार के भविष्य को नई दिशा दे दी है। यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि मेहनत करने वालों की जिंदगी में कभी-कभी किस्मत भी ऐसा साथ देती है, जो उनके सपनों को हकीकत में बदल देता है। आज कल्याण चंद की सफलता की चर्चा पूरे हिमाचल प्रदेश में हो रही है और हर कोई उनकी इस अविश्वसनीय किस्मत की कहानी सुनकर हैरान है। (इनपुट- कपिल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

रील बनाते समय कैमरे में कैद हुआ दर्दनाक हादसा, 3 लोगों की हुई मौत; सामने आया VIDEO

Latest India News