मेरठ: यूपी के मेरठ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही बेटे की हत्या करवा दी। जानकारी के मुताबिक महिला ने खुद बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत में उसने अपने प्रेमी पर अपहरण करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि जब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि महिला के साथ उसका प्रेम संबंध था और बच्चा इसमें बाधा बन रहा है। आरोपी ने इस घटना में महिला के भी शामिल होने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने ही पुलिस से की शिकायत
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एक महिला और उसके प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला के छह साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या की गई थी। जानकारी की मुताबिक बच्चे की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि 16 जून को गुरप्रीत कौर नाम की महिला ने अपने बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि मुजफ्फरनगर के रहने वाले अर्पित शर्मा ने बच्चे को कार में बैठाकर अगवा कर लिया है। उसी दिन बहसूमा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और अर्पित शर्मा की तलाश शुरू की गई। बाद में पुलिस ने अर्पित को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमी ने उगला महिला के शामिल होने का राज
एसपी (ग्रामीण) ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अर्पित ने कबूल कर लिया कि गुरप्रीत कौर के साथ उसके प्रेम संबंध थे। बच्चा उनके साथ आने में बाधा बन रहा था, इसलिए उसने बच्चे का गला घोंट दिया और उसकी लाश हस्तिनापुर के जंगल में छिपा दी। इसके बाद अर्पित की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से लाश बरामद की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि आगे की जांच और सबूतों से इस अपराध में गुरप्रीत कौर की भी भूमिका सामने आई, जिसके बाद शुक्रवार को उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल अर्पित शर्मा को जेल भेज दिया गया है, जबकि गुरप्रीत कौर को रिमांड की कार्यवाही के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें-
रील बनाते समय कैमरे में कैद हुआ दर्दनाक हादसा, 3 लोगों की हुई मौत; सामने आया VIDEO