1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पीलीभीत में पुलिस और ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5.57 लाख प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद, एक गिरफ्तार

पीलीभीत में पुलिस और ड्रग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5.57 लाख प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद, एक गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 28, 2026 11:16 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 11:16 pm IST

पीलीभीत में नशीले प्रतिबंधित कैप्सूलों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5,57,760 कैप्सूल बरामद किए हैं, जिसमें इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।- India TV Hindi
The accused in police custody Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में नशीले प्रतिबंधित कैप्सूलों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5,57,760 कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने माधोटांडा के मेडिकल संचालक तारिक खान के भाई दानिश को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर मंडी समिति के समीप स्थित गोदाम में छापेमारी कर 43 गत्तों में भरे प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 28 अक्टूबर को उसका चालान कर दिया। वहीं तारिक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस को जानकारी मिली थी कि बाइक से प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल ले जाए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ माधोटांडा रोड पर मंडी समिति के समीप घेराबंदी कर दानिश को पकड़ लिया।

दानिश की निशानदेही पर गोदाम में छापा मारा

पीलीभीत में मिले नशीले प्रतिबंधित कैप्सूलों को लेकर पुलिस ने तारिक के भाई दानिश को गिरफ्तार कर लिया है जो माधोटांडा के मोहल्ला जामा मस्जिद मोहल्ले का निवासी है। पुलिस को तलाशी में कैप्सूल मिलने पर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका भाई तारिक़ माधोटांडा में मेडिकल स्टोर चलाता है और उसी ने गोदाम से कैप्सूल मंगवाए थे। इसके बाद पुलिस ने दानिश की निशानदेही पर गोदाम में छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस अब तारिक की तलाश कर रही है। पुलिस को दोनों सगे भाइयों के अलावा अन्य लोगों के भी इस कारोबार में शामिल होने की जानकारी मिली है। मामले की गहन जांच कराकर सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की दी जानकारी

सुकीर्ति माधव पुलिस अधीक्षक पीलीभीत ने इस मामले को लेकर बताया कि 28 अक्टूबर को थाना पूरनपुर में एक स्पेसिफिक इनपुट पे एक अभियुक्त दानिश को आज गिरफ्तार किया गया, जो बाइक से जा रहा था। उसके बाइक में उसके पास एक कार्टन था जिसमें स्पास्मो ब्राउन कैप्सूल्स एक कार्टन उसके पास से बरामद हुआ। उसके निशानदेही पर एक अवैध गोदाम जो संचालित हो रहा था, उसमें भंडारण किए हुए 42 ऐसे अन्य कार्टन्स और मिले जिसमें कि नशीले कैप्सूल्स बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 43 कार्टन्स में लगभग 5,58,000 नशीले कैप्सूल्स की एक बड़ी खेप जो है वो बरामद की गई है। इस कैप्सूल्स में एक कंपोनेंट जो ट्रामाडोल होता है, वो एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत एक रेगुलेटेड सब्सटेंस है। इस संबंध में पूरनपुर पुलिस स्टेशन में एक मुकदमा 446/24 एनडीपीएस एक्ट के सुसंगत धाराओं में दर्ज किया गया है। पूछताछ में जो अभियुक्त है उसके द्वारा बताया गया है कि अभियुक्त दानिश और उसका भाई तारिक एवं अन्य व्यक्ति माधोटांडा में एक मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं और उसी की आड़ में नशीली दवाइयों का अवैध भंडारण एवं अवैध खरीद-फरोख्त इनके द्वारा की जाती है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है और इसमें ये कहाँ से ये नशीली दवाइयाँ आई हैं और कौन-कौन लोग इस पूरे सम्मिलित हैं और इसकी क्या मनी ट्रेल है, इस संबंध में भी बहुत विस्तृत जानकारी जो है वो एकत्रित की जा रही है। इसमें अवैध इनके कारोबार से क्या धन या संपत्ति अर्जित की गई है, उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में बहुत ही सख्त आवश्यक जो है कानूनी कार्रवाई वो सुनिश्चित की जाएगी।

(रिपोर्ट - कुलदीप कल्प)

ये भी पढ़ें

खेल मैदान में जीतने वाली खिलाड़ी जिंदगी से हारी? संदिग्ध अवस्था में घर में फंदे पर मिला 9वीं की छात्रा का शव

फिल्मी स्टाइल में अपहरण, कार में सुंघाया नशा, फिर होटल में बंधक बनाकर हड़प ली 150 करोड़ की संपत्ति

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।