A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में DRDO प्रयोगशाला को बम से उड़ाने, तमिलनाडु के CM के पोते के अपहरण की मिली धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

बेंगलुरु में DRDO प्रयोगशाला को बम से उड़ाने, तमिलनाडु के CM के पोते के अपहरण की मिली धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा

डीआरडीओ प्रयोगशाला को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया। धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है। मेल तमिल भाषा में लिखा गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक तस्वीर

बेंगलुरु में स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रयोगशाला 'गैस टर्बाइन अनुसंधान प्रतिष्ठान' (GTRE) के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाले कई ईमेल प्राप्त हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ईमेल मिलने के बाद परिसर को खाली कराया गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते एवं अग्निशमन सेवा के साथ मिलकर वहां गहन तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला। 

सीएम के पोते के अपहरण की भी धमकी

पुलिस ने कहा कि तमिल में लिखे गए ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर में आईईडी लगाए गए हैं। सभी बम दोपहर करीब डेढ़ बजे फटेंगे। अधिकारियों ने कहा कि मेल भेजने वाले ने यह चेतावनी भी दी थी कि तमिलनाडु के एक प्रभावशाली नेता के पोते का अपहरण किया जाएगा। 

धमकी भरा मेल मिलने के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

उन्होंने कहा कि मेल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के पोते इनबानिधि के अपहरण की साजिश की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि ईमेल के जरिए ये धमकियां देने वाले आरोपी का पता लगाने के लिए केंद्रीय अपराध शाखा पुलिस ने जांच तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर शहर के रक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस 

फिलहाल पुलिस और साइबर क्राइम की टीमें ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी हैं। सीएम के पोते को किडनैप करने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस प्रशासन के बीच हलचल तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें: 

तमिलनाडु की कोर्ट ने 9 पुलिसकर्मियों को सुनाई मृत्युदंड की सजा, कोरोना काल से जुड़ा है मामला; जानें क्या था अपराध?

'विमान में है विस्फोटक चीज', बेंगलुरु-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से अफरा-तफरी, कराया गया खाली

 
 
 
 

Latest India News