1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'विमान में है विस्फोटक चीज', बेंगलुरु-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से अफरा-तफरी, कराया गया खाली

'विमान में है विस्फोटक चीज', बेंगलुरु-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से अफरा-तफरी, कराया गया खाली

 Reported By: T Raghavan Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 05, 2026 11:50 am IST,  Updated : Apr 05, 2026 11:52 am IST

फ्लाइट के वॉशरूम में एक टिशू पेपर मिला था, जिसमें लिखा गया कि विमान के अंदर विस्फोटक चीज रखी हुई है। फ्लाइट के अंदर बम की अफवाह से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ़्लाइट में बम होने की खबर मिली। इसके बाद फ्लाइट को तुरंत खाली करा लिया गया।

टिशू पेपर में लिखा गया धमकीभरा नोट

यह घटना शाम करीब 7:00 बजे हुई, जब फ्लाइट का स्टाफ उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, एक यात्री ने केबिन क्रू को तब अलर्ट किया, जब उसे फ्लाइट के वॉशरूम में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर लिखा था कि फ्लाइट में कोई विस्फोटक चीज रखी है।

फ्लाइट में चलाया गया सर्च ऑपरेशन

ये जानकारी सामने आते ही फ्लाइट में हड़कंप मच गया। आपातकालीन स्थितियों के लिए तय नियमों का पालन करते हुए, फ्लाइट के कैप्टन ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सभी यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया और फ्लाइट की अच्छी तरह से तलाशी ली गई।

नहीं मिली कोई संदिग्ध चीज

गहन तलाशी के बाद, सुरक्षा एजेंसियों ने इस खबर को एक अफवाह बताया। लंबी जांच के बाद फ्लाइट में कोई भी संदिग्ध चीज या विस्फोटक नहीं मिला। आखिरकार, वह फ्लाइट उसी शाम कुछ देर बाद रवाना हुई और अपनी मंजिल तक पहुंच गई। 

विस्फोटक की अफवाह को लेकर सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। साथ ही उस व्यक्ति की पहचान की जा रही है, जिसने धमकीभरा नोट लिखा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत