A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Video: बारिश में छाता लगाकर बस चला रहा HRTC ड्राइवर, यात्री ने वीडियो शेयर कर कहा- शर्मनाक

Video: बारिश में छाता लगाकर बस चला रहा HRTC ड्राइवर, यात्री ने वीडियो शेयर कर कहा- शर्मनाक

एचआरटीसी बस के वायरल वीडियो में ड्राइवर को छाता लगाकर बस चलाते हुए देखा जा सकता है। एक यात्री ने यह वीडियो बनाया है। उन्होंने बस ड्राइवर को मेहनती बताते हुए जिम्मेदार लोगों से सवाल किए और इस घटना को शर्मनाक बताया।

Drive Bus Umbrella- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT छाता लगाकर बस चलाता ड्राइवर

चंबा से होली रूट पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने निगम प्रबंधन और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में बस चालक भारी बारिश के बीच छाता लगाकर बस चलाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे यात्रियों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ बता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह बस कांगड़ा के बैजनाथ-पत्थर से भरमौर के होली के लिए संचालित होती है। बताया जा रहा है कि यह बस रोजाना सुबह करीब 6 बजे चंबा से होली के लिए रवाना होती है। रविवार सुबह क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। इसी दौरान बस की छत से पानी टपकने लगा, जिससे चालक को मजबूरन छाता लगाकर बस चलानी पड़ी। बस में साथ बैठे एक यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

जर्जर या पुरानी बसों से परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इस बस को लेकर पहले भी कई बार छत टपकने, शीशे टूटने और बीच रास्ते में खराब होकर खड़े होने जैसे वीडियो सामने आ चुके हैं। करीब दो वर्ष पहले लोगों की मांग पर शुरू की गई इस सेवा में लगातार जर्जर और पुरानी बसें भेजी जा रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया है कि निजी बस ऑपरेटरों को फायदा पहुंचाने के लिए इस रूट पर जानबूझकर पुरानी और खटारा बसें भेजी जा रही हैं। यदि यह आरोप सही हैं, तो यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है।

होली पर घर गया था युवक

वीडियो बनाने वाले युवक राजू भारद्वाज ने बताया कि वह रविवार सुबह इसी बस से होली गया था। लगातार बारिश के कारण बस की छत से पानी टपक रहा था और चालक को मजबूरी में छाता लगाकर बस चलानी पड़ी। परेशान लोगों का कहना है कि आखिर कब तक जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के यात्रियों को ऐसी बदहाल बसों में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ेगा? उ्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सुरक्षित, नई और भरोसेमंद बस सेवा उपलब्ध करवानी चाहिए।

(चंबा से सुभाष महाजन की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

'कांग्रेस और लेफ्ट जहां भी सत्ता में आते हैं, सब कुछ बर्बाद कर देते हैं', केरल के पलक्कड में बोले पीएम मोदी

रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भाजपा विधायक ने हवा में चलाई गोली, पुलिस ने दर्ज किया केस, MLA बोले- नकली थी पिस्तौल

 

 

Latest India News