ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिटलागढ़ में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक नवीन जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक वीडियो में विधायक के निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) प्रेमचंद नाग, जैन को पिस्तौल चलाने में सहायता करते हुए देखे गए। इसके बाद उन्हें कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया।
हथियार किया गया जब्त
बोलांगीर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (SP) हिमांशु भूषण बेहरा ने कहा, 'प्राथमिकी दर्ज करके हथियार जब्त कर लिया गया है। निजी सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की जा रही है।'
विधायक ने कहा- असली नहीं थी पिस्तौल
यह घटना शुक्रवार शाम को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान टिटलागढ़ कस्बे में हुई। एक वीडियो में स्थानीय विधायक पिस्तौल से गोली चलाते हुए दिख रहे हैं। जैन ने दावा किया कि पिस्तौल असली नहीं थी। भाजपा विधायक ने यह भी दावा किया कि उन्होंने रैली में मौजूद राम भक्तों का मनोबल बढ़ाने के लिए हवा में गोली चलाई थी और उनका इरादा किसी को डराना नहीं था जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है।
बीजेडी ने की गिरफ्तारी की मांग
पुलिस ने कहा कि विधायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत जन सुरक्षा को खतरे में डालने और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (BJD) ने जैन के इस कृत्य के लिए शनिवार को उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी।