A
Hindi News भारत राष्ट्रीय VIDEO: स्कूल का टीचर बना हैवान! बच्चे के साथ मारपीट के बाद की ऐसी क्रूरता कि कांप जाएगी रूह, आंखों पर पेपर स्प्रे मारा

VIDEO: स्कूल का टीचर बना हैवान! बच्चे के साथ मारपीट के बाद की ऐसी क्रूरता कि कांप जाएगी रूह, आंखों पर पेपर स्प्रे मारा

कर्नाटक के बागलकोट में एक बच्चे के साथ एक टीचर ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं और उसे जमीन पर गिराकर पाइप से पीटा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग बच्चे की चीखें सुनाई दे रही हैं।

Bagalkot, Karnataka, school teacher- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT बच्चे के साथ एक टीचर ने क्रूरता की सारी हदें पार कीं

बागलकोट: कर्नाटक के बागलकोट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल टीचर ने एक बच्चे के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं हैं। टीचर ने बच्चे को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा और इस काम में उसका पत्नी ने भी उसका साथ दिया। यही नहीं, टीचर की पत्नी पर आरोप है कि उसने बच्चे की आंखों पर पेपर स्प्रे भी मारा।

क्या है पूरा मामला?

कर्नाटक के बागलकोट जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई। यहां मानसिक तौर पर कमजोर बच्चों के रेसिडेंशियल स्कूल के टीचर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई की। इसके अलावा आरोप ये भी है कि बच्चे की आंखों में टीचर की पत्नी ने पेपर स्प्रे मारा।

जिले के नवनगर में एक NGO, नेत्रहीन और मानसिक रूप से कमजोर बच्चों का रेसिडेंशियल स्कूल चलाता है। इसी स्कूल से एक 16 साल के बच्चे के साथ क्रूरता की तस्वीरें सामने आई हैं। हालांकि ये कहा जा रहा है कि स्टूडेंट के साथ टॉर्चर की ये घटना तीन महीने पुरानी है लेकिन टीचर अक्षय और उसकी पत्नी आनंदी की घिनौनी करतूत की तस्वीर अब सामने आई हैं।

इस स्कूल में ज्यादातर बच्चे नेत्रहीन हैं लेकिन कुछ बच्चे मानसिक तौर पर कमजोर भी हैं जिनकी देखभाल वहां की जाती है। ऐसे ही मानसिक रूप से कमजोर एक बच्चे की NGO के संचालक और टीचर अक्षय इंदुलकर और उसकी पत्नी आनंदी ने पिटाई कर दी।

अक्षय ने बच्चे को पाइप से पीटा, आरोप है कि उसकी पत्नी आनंदी ने बच्चे की आंख में पेपर स्प्रे मारा। इस घटना की मोबाइल तस्वीर अब सामने आई हैं जिसके बाद बच्चे के परिवार वालों ने NGO के संचालक और उसकी पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुलिस स्टेशन बुलाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एसपी का सामने आया बयान

SP बागलकोट सिद्धार्थ गोयल ने बताया, "अक्षय इंदुलकर और आनंदी दोनों मिलकर ये NGO चलाते हैं, इस रेसिडेंशियल स्कूल में कई बच्चे पढ़ते हैं। यहां से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पति-पत्नी एक बच्चे को पाइप और अलग  अलग तरीके से पीट रहे हैं। बच्चे के मां-पिता शिकायत लिखवाने आए हैं। हम FIR दर्ज कर रहे हैं। हमने दोनों को पुलिस स्टेशन बुला लिया है। वहां पर एक दो और लोग केयर टेकर का काम कर रहे थे। पिटाई का ये वीडियो तीन महीने पुराना है। वहां पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने ये वीडियो बनाया, उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने बच्चे के मां-पिता को पिटाई का वीडियो दे दिया। मां-पिता ने वो वीडियो हमें दिया है, हम मामले की जांच कर रहे हैं।"

Latest India News