Waqf News: भोपाल में वफ्फ कानून को लेकर विरोध तेज, कांग्रेस विधायक ने कहा- सुप्रीम कोर्ट पर है यकीन
वक्फ कानून को लेकर कई मुस्लिम संगठनों का सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज होता जा रहा है। आज से ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड वक्फ बिल के विरोध में धरना-प्रदर्शन तेज कर रहा है। इस प्रदर्शन का पहला दौर आज 10 अप्रैल से शुरू हुआ है, जो 7 जुलाई तक चलेगा।
वक्फ कानून को लेकर देश में मचा संग्राम दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। दिल्ली से लेकर कोलकाता और पटना से लेकर भोपाल तक प्रोटेस्ट हो रहे हैं। एक तरफ विपक्ष सरकार को घेरने में लगा है तो दूसरी ओर कई मुस्लिम संगठनों का सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज होता जा रहा है। आज से ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड वक्फ बिल के विरोध में धरना-प्रदर्शन तेज कर दिया है। "वक़्फ़ बचाओ मुहिम" के पहले दौर का आगाज आज से हो गया है, जो 7 जुलाई तक चलेगा। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि ये मुहिम शाह बानो मामले की तरह शहर से लेकर गांव तक चलाई जाएगी।
Live updates : Waqf News LIVE
- April 10, 2025 5:00 PM (IST) Posted by Malaika Imam
हमें सुप्रीम कोर्ट पर यकीन: आरिफ मसूद
वफ्फ कानून के खिलाफ इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड भोपाल में विरोध प्रदर्शन कर रहा है। सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का धरना प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि जब तक सरकार कानून वापस नहीं लेती, प्रदर्शन लगातार जारी रहेंगे। हमें सुप्रीम कोर्ट पर यकीन है कि वह हमें न्याय देगी।
- April 10, 2025 4:57 PM (IST) Posted by Malaika Imam
देश को दंगों की आग में झोंकने से बाज आना चाहिए: VHP
वक्फ कानून के विरोध को लेकर विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र जैन ने कहा कि यह कानून वही है जिसको बनाने से पहले लगभग एक करोड़ भारतीयों ने अपनी राय दी थी और संसद के दोनों सदनों में 25 घंटे से अधिक ऐतिहासिक चर्चा हुई थी। इसके बावजूद देश का सेक्यूलर जिहादी गठजोड़ देश को दंगों की आग में झोंकने का कुत्सित प्रयास कर रहा है, जिससे उसे बाज आना चाहिए।
- April 10, 2025 3:43 PM (IST) Posted by Malaika Imam
वक्फ एक्ट को लेकर महबूबा मुफ्ती ने बुलाई आपात बैठक
धार्मिक संस्थाओं की स्थिति को लेकर बढ़ती चिंता के बीच, जम्मू और कश्मीर में वक्फ एक्ट पर विधानसभा में प्रस्ताव पारित न होने से निराशा का माहौल बन गया है। इस मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पार्टी की वरिष्ठ नेतृत्व की एक आपात बैठक बुलाई। यह बैठक श्रीनगर स्थित महबूबा मुफ्ती के गुपकार स्थित G4 सरकारी आवास पर हुई, जिसमें पार्टी के प्रमुख नेता जैसे मोहम्मद सरताज मदनी, अब्दुल रहमान वेरी, डॉ. महबूब बेग, गुलाम नबी लोन हंजुरा, नयम अख्तर आंद्राबी, बशारत बुखारी, अब गफ्फार सोफी, एशिया नकाश, जाहूर अहमद मीर, मोहम्मद खुर्शीद आलम, वाहिद उर रहमान पर्रा, एडवोकेट मोहम्मद यूसुफ भट, इम्तियाज हुसैन शान, अंजुम फैज़ीली, मोहम्मद राशिद कुरैशी, राजिंदर मनहास, शेख नासिर, यासिर रेशी, पीर मंसूर हुसैन और अन्य नेताओं ने भाग लिया। बैठक में वक्फ से जुड़े मामलों के समाधान में हो रही देरी के राजनीतिक और धार्मिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, महबूबा मुफ्ती ने विधानसभा में इस मुद्दे पर चुप्पी को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा, "वक्फ एक्ट पर प्रस्ताव पारित न होना केवल राजनीतिक चूक नहीं है, यह हमारी धार्मिक भावनाओं और संस्थाओं की स्वायत्तता पर सीधा हमला है।" (रिपोर्ट- मंजूर मीर)
- April 10, 2025 2:58 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
जमीयत-उलेमा-ए-हिंद ने वक्फ कानून का मुसलमानों को दिखाया डर
आज कोलकाता में जमीयत-उलेमा-ए-हिंद ने मुसलमानों का मजमा लगाया। वक्फ के नाम पर मंच से तकरीरें हुईं और वक्फ कानून का मुसलमानों को डर दिखाया गया। ऐसा ही मजमा भोपाल में भी लगा है। वहीं दिल्ली में वक्फ कानून पर बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे की वर्कशॉप का आयोजन हुआ जिसका मकसद वक्फ कानून पर अफवाह खत्म करना है। मुंबई में बीजेपी ने मुस्लिम इलाकों में संवाद यात्रा निकाली। घर-घर जाकर मुसलमानों को वक्फ कानून के फायदे गिनाएं।
- April 10, 2025 1:44 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
पटना में वक्फ कानून के खिलाफ इकट्ठा हुए मुस्लिम संगठन
कोलकाता में जमीयत-उलेमा-ए हिंद का धरना-प्रदर्शन है तो भोपाल में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड प्रोटेस्ट कर रहा है। पटना में वक्फ कानून के खिलाफ मुस्लिम संगठन इकट्ठा हुए हैं। इस वक्त प्रतिनिधि परामर्श बैठक चल रही है। उसके बाद मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड यहां भी आज विरोध-प्रदर्शन करेगा।
- April 10, 2025 1:01 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
3 लेवल पर मुस्लिमों के बीच आउटरीच का प्लान
बीजेपी ने तीन लेवल पर मुस्लिमों के बीच आउटरीच का प्लान तैयार किया है। प्रदेश स्तर, जिला स्तर और मंडल स्तर पर प्रोफेशनल्स, इंफ्लुएंसर्स और प्रभावशाली मुस्लिम महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम किया जाएगा। बीजेपी युवा मोर्चा को मुस्लिम नौजवानों के बीच नए कानून के फायदे बताने की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी के सभी सांसदों और विधायकों को अपने निर्वाचन क्षेत्र में कम से कम एक संवाद कार्यक्रम करने के लिए भी कहा गया है। बीजेपी का मकसद वक्फ कानून को लेकर गढ़े जा रहे नैरेटिव को तोड़ना और पहली बार मुस्लिम परिवारों तक डोर टू डोर कैंपेन के जरिए पहुंच बनाना है।
- April 10, 2025 1:00 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बीजेपी का देश भर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान
वक्फ संशोधन कानून का नोटिफिकेशन जारी होने के तुरंत बाद बीजेपी ने इसे लेकर देश भर में जनजागरण अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसके जरिए मुस्लिम समुदाय को बताया जाएगा कि यह कानून किस तरह से उनके लिए फायदेमंद है। बीजेपी ने इस अभियान के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री अरविंद मेनन, राष्ट्रीय महासचिव राधामोहन दास अग्रवाल और अनिल एंटनी समिति के सदस्य होंगे।
- April 10, 2025 11:11 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
वक्फ बिल से मुसलमानों को कोई नुकसान नहीं- मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी
अखिल भारतीय मुस्लिम ज़मात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने कहा, "वक्फ संशोधन बिल से मुसलमानों को कोई नुकसान नहीं है बल्कि फायदा है। इससे गरीब मुसलमानों की मदद होगी। वक्फ के पीछे मंशा भी यही थी। लेकिन मंशा के मुताबिक काम नहीं हो रहा था इसलिए संशोधन किया गया। इससे भ्रष्टाचार रूकेगा। इस ज़मीन पर अस्पताल, स्कूल, कॉलेज आदि बनेंगे...कुछ सियासी लोग मुसलमानों को डराने और बहकाने में लगे हैं।"
- April 10, 2025 9:59 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
भोपाल की सेंट्रल लाइब्रेरी में दोपहर 2 बजे से धरना
वक्फ बोर्ड की वक्फ बचाओ मुहिम के तहत भोपाल की सेंट्रल लाइब्रेरी में दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक धरना होगा। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य और भोपाल से कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने की लोगों से अपील की है कि बिना किसी झंडा बैनर के शांति से धरना स्थल पर पहुंचना है।
- April 10, 2025 8:53 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
प्रदेशों की राजधानियों में धरना और गिरफ्तारी कार्यक्रम
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड खुद प्रदेशों की राजधानियों में धरना और गिरफ्तारी कार्यक्रम चलाएगा। जुम्मे की नमाज के बाद लोग ह्यूमन चैन बनाकर या दूसरे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
- April 10, 2025 8:52 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
मुस्लिम इलाकों में संवाद यात्रा शुरू कर रही बीजेपी
वक्फ संशोधन बिल के समर्थन में आज बीजेपी भी उतर रही है। आज से मुंबई में बीजेपी, मुस्लिम इलाकों में संवाद यात्रा शुरू कर रही है जिसके तहत वक़्फ़ क़ानून को मुसलमानों को समझाया जाएगा और धन्यवाद मोदी का एक फॉर्म भरावाया जाएगा।
- April 10, 2025 8:51 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
देश के बड़े 50 शहरों में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
आज ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड वक्फ बचाओ मुहिम चलाएगा जो आज से 7 जुलाई तक चलेगा। इसके तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिला मुख्यालय पर धरना होगा, डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा और देश के बड़े 50 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। कोलकाता में भी जमीयत-उलेमा-ए हिंद के तरफ से प्रदर्शन होगा।
