A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोर्ट में दूसरी शादी करते हुए पति को रंगे हाथों पकड़ा, 6 दिन पहले ही पत्नी ने बेटी को दिया था जन्म

कोर्ट में दूसरी शादी करते हुए पति को रंगे हाथों पकड़ा, 6 दिन पहले ही पत्नी ने बेटी को दिया था जन्म

महिला की शादी के बाद उनके तीन बेटियां हुईं, लेकिन पति अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था क्योंकि उसे बेटा चाहिए था। हाल ही में जब महिला चौथी बार गर्भवती हुई, तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दूसरी शादी करते हुए...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दूसरी शादी करते हुए पति को रंगे हाथों पकड़ा।

ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले में मंगलवार को कोर्ट परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा तब देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी शादी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। हैरान कर देने वाली बात ये है कि महिला ने अभी 6 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला पट्टामुंडई इलाके के टुनुपुर गांव का है। पीड़ित महिला का दावा है कि उसकी शादी कुछ साल पहले किशोर मलिक नाम के शख्स से हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बेटियां हुईं, लेकिन किशोर अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था क्योंकि उसे बेटा चाहिए था। हाल ही में जब महिला चौथी बार गर्भवती हुई, तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सी-सेक्शन से उसकी डिलीवरी हुई और उसे एक और बेटी हुई। यह सुनकर पति किशोर मलिक नाराज हो गया और उसे अस्पताल में छोड़कर चला गया।

जब महिला अस्पताल से छुट्टी लेकर अपने ससुराल पहुंची, तो उसे पता चला कि उसका पति कोर्ट में किसी और महिला से शादी कर रहा है। ये जानकर महिला अपने नवजात बेटी और अन्य बच्चों को लेकर पट्टामुंडई कोर्ट पहुंची और वहीं अपने पति को पकड़ लिया।

पति को पुलिस के हवाले कर धरने पर बैठी महिला

कोर्ट परिसर में पति को दूसरी शादी करते देख महिला का गुस्सा फूट पड़ा। उसने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया, जिसे देख बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। महिला ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी पति को उनके हवाले कर दिया गया। इतना ही नहीं, पीड़िता कोर्ट के बाहर धरने पर भी बैठ गई और पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उसने कहा कि उसे और उसकी चारों बेटियों को इंसाफ चाहिए।

पूरा मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा भी है और महिला के साहस की सराहना भी हो रही है।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Latest India News