1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AAP विधायक का आशुतोष, संजय सिंह पर हमला, केजरीवाल को लिखी चिट्ठी

AAP विधायक का आशुतोष, संजय सिंह पर हमला, केजरीवाल को लिखी चिट्ठी

संदीप कुमार के सीडी कांड ने आम आदमी पार्टी के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को बिजवासन से पार्टी के विधायक देवेंद्र सहरावत ने केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर आप नेता आशुतोष के रुख की आलोचना की है।

अरविंद केजरीवाल।- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल।

नई दिल्ली: संदीप कुमार के सीडी कांड ने आम आदमी पार्टी के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को बिजवासन से पार्टी के विधायक देवेंद्र सहरावत ने केजरीवाल को चिट्ठी लिखकर आप नेता आशुतोष के रुख की आलोचना की है। देवेंद्र ने आरोप लगाते हुए कहा है कि AAP की एक चौकड़ी पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है और ऐसे तत्वों से निपटने की जरूरत है।

इन्हें भी पढ़ें

गौरतलब है कि देवेंद्र इससे पहले भी प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को निकाले जाने के तरीके के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं। देवेंद्र के मुताबिक, संदीप कुमार के आचरण को लेकर आशुतोष ने जो तर्क दिये हैं, वे कहीं से भी स्वीकार्य नहीं हैं। आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री संदीप कुमार को शनिवार की रात रेप और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। इससे कुछ घंटे पहले एक महिला ने उनके खिलाफ रेप की शिकायत की थी और बाद में कुमार ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया था। यह महिला कुछ दिन पहले सामने आई संदीप कुमार की विवादास्पद सीडी में उनके साथ दिखाई दी थी। 

यह पूरा मामला सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने संदीप कुमार को पार्टी से भी सस्पेंड कर दिया। देवेंद्र ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली यूनिट के संयोजक दिलीप पांडेय पर भी निशाना साधा। देवेंद्र ने दिलीप के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब से परेशान करने वाली खबरें आ रहीं हैं। पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को लिखे पत्र में सहरावत ने कहा, ‘मैंने पंजाब में टिकट देने या उसके वादे के एवज में महिलाओं के शोषण की परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। मैं धरातल पर स्थिति का पता लगाने के लिए चंडीगढ़ में लोगों से मिल रहा हूं।’ 

आप विधायक सहरावत ने कहा कि दिलीप पांडेय दिल्ली में ऐसा ही कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक चौकड़ी पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है। जब सहरावत से पूछा गया कि वह किसकी ओर इशारा कर रहे हैं तो उन्होंने आशुतोष, पार्टी की पंजाब इकाई के प्रभारी संजय सिंह और दिलीप पांडेय का नाम लिया। सहरावत ने केजरीवाल को लिखे पत्र में कहा कि उन्हें लोगों को बताना चाहिए कि हमारा अब भी विश्वास है कि हम राजनीति को बदलेंगे।

Latest India News