नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे संदीप कुमार ने सीडी मामले में रोहिणी स्थित डीसीपी ऑफिस में सरेंडर कर दिया है। संदीप ने सीडी में दिख रही महिला के सामने आने और सुल्तानपुरी थाने में एफआईआर दर्ज कराने के बाद सरेंडर किया है। संदीप के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। सीडी में दिख रही महिला ने बताया कि वो सुल्तानपुरी की रहनेवाली है वह एक साल पहले संदीप कुमार के पास राशन कार्ड बनवाने गई थी।महिला का आरोप है कि संदीप ने पूरी तैयारी पहले से कर रखी थी।
महिला का कहना है कि उसके जाते ही संदीप ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दिया। फिर थोड़ी देर तक महिला से बातचीत की। संदीप कहने लगा कि तुम टेंशन मत लो, राशन कार्ड मैं बनवा दूंगा। फिर संदीप ने उसे अपने पास बैठने के लिए कहा। महिला ने कहा कि उसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला कि उसके साथ क्या हुआ। महिला का आरोप है कि उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ गलत काम किया।
उधर, आम आदमी पार्टी ने संदीप कुमार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। वहीं दलित समाज भी संदीप कुमार से बेहद नाराज है। आज दलित समाज की ओर से संदीप कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। दलित समाज संदीप कुमार की ओर से अपने बचाव में दलित कार्ड खेलने से नाराज है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने संदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कहा कि केजरीवाल और पूरी आम आदमी ऐसे शख्स को बचाने की कोशिश कर रही थी जिसका चरित्र दागदार रहा है। संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए।