बीजेपी ने विपक्षी दलों पर देश में अस्थिरता और रिजीम चेंज (सत्ता परिवर्तन) की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बीजेपी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने हाल ही में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के सभी प्रयोग विफल हो रहे हैं। उनका ट्रैक रिकॉर्ड कांग्रेस के लिए समस्या बन गया है। राहुल गांधी चंपत होकर चंपा हो गए हैं और विदेशों से आकर देश-विरोधी प्रचार करते हैं।
बता दें कि शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत के उस बयान के बाद भारत की राजनीति में 'रिजीम चेंज' को लेकर बड़ा विवाद छिड़ गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी के वियतनाम से लौटने पर देश में रिजीम चेंज होगा।
'राहुल ने कई राजनीतिक प्रयोग किए और सभी विफल रहे'
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकसभा में अपने सबसे निम्न स्तर पर पहुंचीं। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 50 के नीचे आ गई। बीजेपी प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कई राजनीतिक प्रयोग किए और सभी विफल रहे। राहुल गांधी ने पार्टी के भीतर चुनाव कराने की बात कही लेकिन कुछ नहीं हुआ। राहुल ने वंशवादी राजनीति के खिलाफ बात की, लेकिन गांधी परिवार से ही तीन लोग सांसद हैं।
'राहुल गांधी विदेश जाकर संदिग्ध लोगों से मिलते हैं'
सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर संदिग्ध लोगों से मिलते हैं और भारत विरोधी प्रचार करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के उन बयानों का जिक्र किया, जिनमें उन्होंने अधिकारियों से संदेश मिलने और चुनाव आयोग से जुड़े लोगों से जानकारी मिलने की बात कही थी। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक रणनीति पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में योजना बनाने की जरूरत नहीं समझी जा रही क्योंकि उनके मुताबिक योजना कहीं और बन रही है और राहुल गांधी केवल उसे लागू कर रहे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी के उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी लड़ाई इंडियन स्टेट से भी है। साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म को लेकर कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें-
प्रदर्शनी से क्यों हटाई गईं प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की तस्वीरें? बीकानेर हाउस सोसाइटी ने दिया जवाब
"मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूं", राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर शशि थरूर का तीखा जवाब
Latest India News